24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। यह सामान्य बात नहीं है कि हर बार एक जैसा पैटर्न सामने आए। वेतन रोक लो, आंदोलन होने दो, नेताओं को आने दो, बहुत प्रेशर आए तो मान जाओ। फिर अगले वेतन रोक लो, अस्थायी कर्मचारियों में हाहाकार मचाओ, हड़ताल व नारेबाजी की नौबत आने दो, मीडिया में बयानबाजी होने दो, नेताओं को आने दो, उनको भी दिल्ली तक की धैंस दिखा कर चुप करवा लो। फिर जयपुर से आदेश आने दो, फिर वेतन जारी कर दो। उसके बाद भी मत रूको, क्योंकि पहचान दिल्ली में सबसे बड़ी कुर्सी तक का दावा है, बाल बांक नहीं होने का गुरूर है। यहां के नेता क्या बिगाड़ जैसे जैसे बड़बोले बोल हैं। फिर चक्र-व्यूह रचो। वेतन रोक दो, हंगामा मचने दो। सचमुच यह एक निरंतर चल रहा एक पैटर्न है जिसके मायने बहुत गंभीर हैं। बहुत दूरगामी होने वाले हैं। सुविवि के संविदाकर्मियों की पीड़ा की कहानी अब अंतहीन, नितांत अकेली और मायूसी की ओर धकेलने वाली हो चली है। आज फिर एक ज्ञापन दिया गया, वही पुरानी मांग दोहराई गई। आखिर कौन किसके आदेश पर वेतन रोक रहा है। होली-दीवाली तक का वेतन। पाई पाई का हिसाब रख खर्च करने वालों का वेतन रोकने का यह दुस्साहस ना जाने कब तक चलता रहेगा।अब पढ़िये आज की खबर- मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में स्ववित्तपोषित सलाहकार मंडल (SFAB) के तहत वर्षों से कार्यरत अल्पवेतनभोगी सेवाप्रदाताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष जताते हुए कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कार्य विस्तार आदेश व वेतन भुगतान में हो रही देरी को मानवीयता के विरुद्ध बताते हुए इसे प्रताड़ना की श्रेणी में रखा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। SFAB के अध्यक्ष द्वारा सौंपे गए इस विस्तृत ज्ञापन में बताया गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लंबे समय तक स्वीकृति के बावजूद सेवाओं के विस्तार आदेश और वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे कई कर्मचारियों को मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि विश्वविद्यालय दक्षिणी राजस्थान का सबसे बड़ा शैक्षणिक संस्थान है और यहां की प्रतिष्ठा को बनाए रखने में शिक्षकों, कर्मचारियों और सेवाप्रदाताओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विश्वविद्यालय में वर्षों से रिक्त शैक्षणेत्तर पदों के कारण प्रशासनिक कार्यों का संचालन SFAB के माध्यम से किया जा रहा है। वर्ष 2017 से 2023 तक इस प्रक्रिया को उच्च अधिकारियों और प्रबंध मंडल की अनुमति से निष्पादित किया गया, लेकिन अब उसी व्यवस्था पर वर्तमान प्रशासन द्वारा आपत्ति जताना न केवल अव्यावहारिक है, बल्कि पूर्ववर्ती अधिकारियों के निर्णयों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। कर्मचारियों ने यह आरोप भी लगाया कि वित्त नियंत्रक द्वारा बार-बार प्रशासनिक स्वीकृति के बावजूद वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की जा रही है। ज्ञापन में वित्त नियंत्रक पर कार्यालय से अनुपस्थित रहने, कर्मचारियों को धमकाने और चिकित्सा अवकाश का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि एक जांच समिति गठित कर इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासनिक हठधर्मिता जारी रही और समय पर आदेश नहीं जारी हुए तो कर्मचारी वर्ग कार्य बहिष्कार जैसे कठोर निर्णय लेने को बाध्य होगा, जिससे प्रवेश, परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया बाधित हो सकती है। पूर्व में एक कर्मचारी की कार्यस्थल पर मृत्यु की घटना का हवाला देते हुए कहा गया कि यदि ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।अंत में SFAB अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय प्रशासन से संवेदनशीलता बरतते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को मानसिक व आर्थिक राहत मिल सके और विश्वविद्यालय की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे। साथ ही राज्य सरकार व राजभवन से भी अपील की गई है कि वे विश्वविद्यालय की स्थिति का संज्ञान लेकर कर्मचारियों को न्याय दिलाने हेतु हस्तक्षेप करें। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उदयपुर समेत 3 शहरों में जुलाई से शुरू होगी ऑन डिमांड परीक्षा प्रणाली, स्टूडेंट्स देंगे मनचाही तारीख पर एग्जाम, बच्चों में मोबाइल लत नहीं नशा है, शारीरिक व मानसिक बीमार हो रहे बच्चे: पीसी जैन