उदयपुर, 11 जून। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 जून को उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में आयोजित होने वाली विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत इस ऐतिहासिक आयोजन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ द्वारा किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान सहित देशभर से प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख व्यक्तियों की सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि आयोजन में 25 से 30 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए करीब 2 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विशाल वातानुकूलित सुविधाओं से युक्त डोम तैयार किया जा रहा है। डोम में 20 हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था होगी तथा गर्मी से राहत के लिए पंखे, मिस्ट सिस्टम और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

पार्किंग और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था

बाहर से आने वाले अतिथियों एवं प्रबुद्धजनों के लिए विद्या भवन और फील्ड क्लब परिसर में विशाल पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग से समारोह स्थल तक विशेष यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर शीतल पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था रहेगी।

चपलोत ने कहा कि जिस प्रकार समाज अपने बड़े पर्व उत्साह के साथ मनाता है, उसी भावना से यह आयोजन भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और हल्दीघाटी विजय की शौर्यगाथा को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।

प्रताप गौरव केंद्र में स्थापित हुआ केंद्रीय कार्यालय

आयोजन के समन्वय के लिए प्रताप गौरव केंद्र परिसर में केंद्रीय कार्यालय स्थापित किया गया है, जिसका उद्घाटन मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश डागा और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने किया। इस अवसर पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी डॉ. सुभाष भार्गव, विनोद यादव, महेश श्रीमाली और मदन आमेटा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

आईजी और एएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा

प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि गुरुवार को आईजी गौरव श्रीवास्तव और एएसपी उमेश ओझा आयोजन स्थल पहुंचे और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

चिकित्सा व्यवस्था भी रहेगी हाईटेक

चिकित्सा व्यवस्था समिति के डॉ. राजवीर सिंह के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यापक व्यवस्था रहेगी। एक एम्बुलेंस स्थायी रूप से तैनात रहेगी, जबकि एमबी हॉस्पिटल के चिकित्सक, छात्र चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और विशेष मेडिकल टीम मौके पर उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक टीम में एक महिला चिकित्सक को भी शामिल किया गया है।

20 से अधिक समितियां संभाल रही हैं जिम्मेदारी

भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए 20 से अधिक समितियों का गठन किया गया है। इनमें टेंट निर्माण, मंच सज्जा, स्वागत, भोजन, पत्रक वितरण, शीतल पेय, पार्किंग प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। हजारों स्वयंसेवक और कार्यकर्ता दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं।

आज होगी इंफ्लुएंसर मीट

सोशल मीडिया समिति के मनोज जोशी ने बताया कि शुक्रवार शाम 5 बजे प्रताप गौरव केंद्र के पद्मिनी सभागार में इंफ्लुएंसर मीट आयोजित की जाएगी। इसमें सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को प्रताप गौरव केंद्र का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद इतिहासविद डॉ. प्रताप सिंह झाला, प्रताप गौरव शोध केंद्र के अधीक्षक डॉ. विवेक भटनागर और प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना महाराणा प्रताप और हल्दीघाटी विजय से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों पर विशेष प्रस्तुति देंगे।

इससे पूर्व आयोजित बैठक में सोशल मीडिया टीम के जयदीप आमेटा, विकास छाजेड़, प्रदीप विजयवर्गीय, रोहित अग्रवाल, तुषार जिंदल, मोहित सनाढ्य और चेतन शाकद्वीपीय सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने 17 जून के आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading