उदयपुर। बड़गांव थाना पुलिस ने सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मॉडिफाइड बाइक भी बरामद की है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार ग्रेटर कैलाश, सरस्वती कॉम्पलेक्स निवासी सरोज कुंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल 2026 को दिन में अज्ञात बदमाश उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने की रखड़ियां, झुमके, कान के जेले, मादलिया, नाक के कांटे तथा चांदी की पायल, कड़े, नारियल, गाय, सिक्के, ब्रेसलेट, चटका और बिछिया सहित कई जेवर शामिल थे। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और नगर पश्चिम वृत्ताधिकारी राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी हितेश कुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर मामले का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीता उर्फ अंकित उर्फ कालुनाथ (21) और गलिया उर्फ अनिल (21), दोनों निवासी पूर्बिया कॉलोनी, 80 फीट रोड, मल्लातलाई को गिरफ्तार किया। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय कारागृह उदयपुर भेज दिया है। मामले में शामिल फरार आरोपी रवि की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दीता उर्फ अंकित उर्फ कालुनाथ आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी एवं नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों और फरार साथियों के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation शाम की सैर पर निकलने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना, चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश पाबंदी की शर्तें तोड़ना पड़ा भारी, सुखेर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत भिजवाया