सरपंच-सचिव के फर्जी हस्ताक्षर और मोहर से फरवरी 2002 की तारीख में तैयार किए थे पट्टे, झाड़ोल क्षेत्र से पकड़े गए तीनों आरोपी उदयपुर। राजस्व ग्राम भुवाणा में उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) के स्वामित्व वाली जमीन के फर्जी पट्टे तैयार कर उन्हें असली बताने और इनके आधार पर UDA के खिलाफ सिविल न्यायालय में मुकदमा दायर करने के मामले में सुखेर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित तौर पर सरपंच और सचिव के फर्जी हस्ताक्षर व मोहर लगाकर फरवरी 2002 की तारीख के पट्टे तैयार किए थे। पुलिस ने तीनों को झाड़ोल थाना क्षेत्र से पकड़ा है। थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में मामले की जांच की जा रही थी। UDA की जमीन को पंचायत की बताकर तैयार किए पट्टे पुलिस के अनुसार उदयपुर विकास प्राधिकरण के राजस्व निरीक्षक राजेश मेहता ने रिपोर्ट दी कि राजस्व ग्राम भुवाणा, ग्राम पंचायत भुवाणा, तहसील बड़गांव की आराजी संख्या 3055 UDA और तत्कालीन नगर विकास प्रन्यास उदयपुर के स्वामित्व एवं खाते की भूमि है। इस जमीन को विधिवत अवाप्त कर मुआवजा दिया गया था। इसके बाद भूखंडों की योजना बनाकर सार्वजनिक नीलामी के जरिए उनका विक्रय किया गया था। यह जमीन कभी ग्राम पंचायत भुवाणा की संपत्ति नहीं रही। इसके बावजूद दुर्गाशंकर, मोहन सिंह और भेरू सिंह ने कथित तौर पर सरपंच और सचिव के फर्जी हस्ताक्षर व मोहर लगाकर फरवरी 2002 की तारीख के कूटरचित पट्टे तैयार किए। इन पट्टों के आधार पर आरोपियों ने सिविल न्यायालय उदयपुर में UDA के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा का वाद संख्या 96/2025 दायर किया। पट्टों में पुराने नियमों का हवाला, पंचायत रिकॉर्ड में भी नहीं मिले जांच में सामने आया कि कथित पट्टों में राजस्थान ग्राम पंचायत नियम 1963 का उल्लेख किया गया था, जबकि ये नियम निरस्त होने के बाद 30 दिसंबर 1996 से राजस्थान पंचायती राज नियम 1996 लागू हो चुके थे। इसके अलावा ग्राम पंचायत और पंचायत समिति बड़गांव के रिकॉर्ड में भी इन पट्टों का कोई अस्तित्व नहीं मिला। रिपोर्ट के आधार पर सुखेर थाने में प्रकरण संख्या 439/2026 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। आवश्यक रिकॉर्ड और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोप प्रमाणित पाए जाने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब फर्जी पट्टे और मोहर तैयार करने के षड्यंत्र में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ये तीन आरोपी गिरफ्तार दुर्गाशंकर पालीवाल (47) पुत्र रामचंद्र, निवासी ब्राह्मणों का खेरवाड़ा, थाना झाड़ोल। मोहन सिंह राजपूत (52) पुत्र लाल सिंह, निवासी ब्राह्मणों का खेरवाड़ा, थाना झाड़ोल। भेरू सिंह राजपूत (51) पुत्र गोविंद सिंह, निवासी ब्राह्मणों का खेरवाड़ा, थाना झाड़ोल। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भरत योगी, सहायक उपनिरीक्षक राम खिलाड़ी, सहायक उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र सनाढ्य, हेड कांस्टेबल श्रवण और कांस्टेबल शिम्भु राम, कमलेश तथा महिला कांस्टेबल किरण शामिल थीं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उदयपुर में बाइक चोर का अनोखा तरीका, पुरानी चाबियों से उड़ाता था गाड़ियां; 13 बाइक बरामद रियल एस्टेट निवेश के नाम पर 10.92 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी अनिरुद्ध मजूमदार गिरफ्तार; सात दिन के रिमांड पर