24 News Update उदयपुर, 17 अगस्त। गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के समय वाहन चालकों को तलवार की नोक पर डराकर नकदी और सोने के आभूषण लूटने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों अशोक कुमार मीणा, लालचंद मीणा, जगदीश कुमार और मनीष डामोर को गिरफ्तार किया है। वहीं विशाल अहारी और अनिल उर्फ बगाली को भी मामले में आरोपी बनाया गया है और दोनों की तलाश जारी है।
कार्रवाई उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय उदयपुर मुकुल शर्मा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी गिर्वा छगन राजपुरोहित के निर्देशन में गोवर्धनविलास थानाधिकारी सुनील चारण के नेतृत्व में की गई।

काया पुलिया के नीचे हुई थी ढाई लाख की लूट
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की रात अहमदाबाद निवासी कौशल राजेन्द्र वर्मा अपने सहयोगियों के साथ व्यापारिक काम पूरा करने के बाद बलीचा स्थित रजवाड़ा ढाबे से अहमदाबाद लौट रहे थे। रात करीब 11.30 बजे बारिश के दौरान काया स्थित अहमदाबाद बाईपास पुलिया के नीचे उन्होंने लघुशंका के लिए कार रोकी। कार में प्रदीप वर्मा बैठे थे, जबकि कौशल राजेन्द्र वर्मा और जयेन्द्र सिंह नीचे उतरे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर छह बदमाश वहां पहुंचे। सभी के हाथों में तलवारें थीं। बदमाशों ने जयेन्द्र सिंह को डराकर उनके कान की सोने की बालियां खींच लीं और उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद तीन बदमाश कौशल वर्मा के पास पहुंचे और जान से मारने की धमकी देकर उनके हाथ से रुद्राक्ष और करीब ढाई तोला सोने का ब्रेसलेट छीन लिया। जेब में रखे करीब 4-5 हजार रुपये भी निकाल लिए। बदमाशों ने कार की तलाशी लेकर उसमें रखा बैग भी उठा लिया, जिसमें करीब 2.50 लाख रुपये थे। रकम निकालने के बाद खाली बैग कार के पास फेंककर आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने बलीचा से खेरवाड़ा तक 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। हाईवे पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ पूर्व में हाईवे लूट के मामलों में चालानशुदा अपराधियों और मुखबिर तंत्र से भी जानकारी ली गई।
लगातार पीछा और तकनीकी व खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों से लूटे गए आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

इन वारदातों का भी खुलासा
पुलिस पूछताछ में गैंग से जुड़ी कई अन्य हाईवे लूट की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है— दिसंबर 2025: गोज्या में हाईवे पर ट्रक रोककर चालक से 3 हजार रुपये लूटे। 2 जून 2026: सुबह करीब 4 बजे बारापाल तालाब के पास हाईवे पर कार रोककर चालक से सोने की चेन लूटी। 5 जुलाई 2026: सुबह करीब 4 बजे काया पुलिया पर कार सवार को रोककर 8 हजार रुपये लूटे। 1 अगस्त 2026: बारापाल में रात के समय ट्रक रोककर चालक से 7 हजार रुपये लूटे। 2 अगस्त 2026: उण्डावेला में चरणकमल होटल के पास कार चालक को रोककर सोने की चेन और 300 रुपये लूटे।

दिन में होटल-रिसोर्ट की नौकरी, रात में लूट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन में शहर के आसपास के होटल और रिसोर्ट में काम करते थे और रात में मोटरसाइकिलों पर हाईवे पर निकलते थे। रात करीब 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच सुनसान स्थानों पर रुकी कारों और ट्रकों को निशाना बनाया जाता था। आरोपी तलवार दिखाकर वाहन चालकों और यात्रियों को डराते, सोने के आभूषण और नकदी लूटते और हाईवे से जुड़े साइड रास्तों से फरार हो जाते थे। वारदात के अगले दिन आरोपी फिर अपने काम पर पहुंच जाते थे, जिससे उन पर शक न हो।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते

  1. अशोक कुमार मीणा, पिता धर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी कलावत बिलख, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर।
  2. लालचंद मीणा, पिता लक्ष्मणलाल मीणा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कलावत बिलख, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर।
  3. जगदीश कुमार, पिता कालूलाल खोखरिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी फला पालीरोहण पीपलबारा, थाना फलासिया, हाल निवासी मामा के यहां बाबलवाड़ा फला बेड़ा, थाना बाबलवाड़ा, जिला उदयपुर।
  4. मनीष डामोर, पिता अशोक डामोर, उम्र 23 वर्ष, निवासी स्कूल के पास बिजली दमाणा, थाना फलासिया, जिला उदयपुर।
    फरार आरोपियों के नाम
    विशाल अहारी, पिता अर्जुनलाल मीणा, निवासी कलावत बिलख, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर। अनिल उर्फ बगाली, पिता शंकर मीणा अहारी, निवासी कलावत बिलख, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार अशोक कुमार मीणा के खिलाफ सलूंबर थाने में प्रकरण संख्या 98/2022 में धारा 341, 382, 392, 34 भादंसं एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। लालचंद मीणा के खिलाफ ऋषभदेव थाने में प्रकरण संख्या 136/2024 में धारा 382, 395 भादंसं एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। मनीष मीणा के खिलाफ फलासिया थाने में प्रकरण संख्या 113/2022 में धारा 392, 395, 34 भादंसं, बाघपुरा थाने में प्रकरण संख्या 128/2023 में धारा 341, 392, 394, 34 भादंसं एवं 4/25 आर्म्स एक्ट तथा सवीना थाने में प्रकरण संख्या 524/2023 में धारा 379, 380, 457 भादंसं के मामले दर्ज हैं। सभी प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन बताए गए हैं।

पुलिस टीम
कार्रवाई में सुनील चारण, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी गोवर्धनविलास, कालूलाल सहायक उपनिरीक्षक, प्रदीप कुमार सहायक उपनिरीक्षक (विशेष भूमिका), वर्मवीर सिंह सहायक उपनिरीक्षक, दिनेश कुमार कांस्टेबल (थाना सवीना), शैतानराम कांस्टेबल (थाना सूरजपोल), सुनील कुमार कांस्टेबल तथा लोकेश रायकवाल कांस्टेबल (साइबर सेल) की भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर लूट के माल की बरामदगी, वारदातों की पूरी कड़ी और फरार आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों से रात में सुनसान स्थानों पर वाहन नहीं रोकने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर होटल, पेट्रोल पंप या अन्य सुरक्षित स्थान पर ही वाहन रोकने की सलाह दी गई है। साथ ही होटल और रिसोर्ट संचालकों से कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने को कहा गया है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading