24 News update बांसवाड़ा। सल्लोपाट थाना क्षेत्र के गमानिया मोती गांव में एक नवविवाहित युवक ने शादी के अगले ही दिन आत्महत्या कर ली। 21 वर्षीय महेंद्र पुत्र मोहन पटेल का शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। इस घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई। महेंद्र की शादी 10 अप्रैल को सज्जनगढ़ क्षेत्र के भूरादौड़ गांव की मंजूला गरासिया से हुई थी। शादी के बाद गुरुवार रात बारात लौट आई थी। दुल्हन के कुछ परिजन भी साथ आए थे, जो अगले दिन सुबह दुल्हन का आणा लेकर वापस लौट गए।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम को महेंद्र ने खाना खाने के बाद बिना कुछ बताए घर से बाहर चला गया। उस समय उसकी मां घर के कामों में व्यस्त थीं, जबकि पिता शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। देर रात जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। आसपास के लोगों को बुलाकर ढूंढा गया और रात करीब 12 बजे महेंद्र का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।
सूचना मिलते ही गांगड़तलाई चौकी प्रभारी एएसआई मगनलाल मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर गांगड़तलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता मोहन पटेल ने बताया कि परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था और महेंद्र का व्यवहार भी सामान्य था। उसने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

