24 News Update सलूंबर। जिले के धारोद बाईपास पर प्रशासनिक लापरवाही की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। चार दिन पहले आए आंधी-तूफान में सड़क पर गिरा पेड़ हटाने की जहमत किसी जिम्मेदार विभाग ने नहीं उठाई और आखिरकार वही पेड़ एक युवक के लिए मौत का कारण बन गया। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार डाल नामचौथ निवासी जोरावर सिंह पुत्र केसर सिंह शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। धारोद बाईपास पर सड़क के बीचों-बीच पड़े विशाल पेड़ से उनकी बाइक टकरा गई। अंधेरा होने और सड़क पर किसी प्रकार के चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण युवक को पेड़ दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरावर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान के दौरान यह पेड़ सड़क पर गिर गया था। इसकी सूचना कई बार संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने की आवश्यकता नहीं समझी। सड़क पर पड़ा यह पेड़ लगातार दुर्घटना को न्योता देता रहा, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे रहे।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण जोरावर सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण धारोद बाईपास पर एकत्र हो गए और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि समय रहते सड़क से पेड़ हटाया जाता तो जोरावर सिंह की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। हादसा होने के बाद ही प्रशासन सक्रिय होने का दिखावा करता है। लोगों का कहना था कि चार दिनों तक सड़क पर पड़ा पेड़ प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

पुलिस पहुंची, समझाइश के बाद खुला मार्ग

सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। समझाइश के बाद मार्ग को सुचारू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क सुरक्षा और आपदा के बाद राहत कार्यों को लेकर जिम्मेदार विभाग पूरी तह से संवेदनशील नहीं हैं। समय रहते कार्रवाई होती तो जोरावर सिंह पुत्र केसर सिंह आज अपने परिवार के बीच होते।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading