24 News Update उदयपुर। रसोई तक युद्ध की आंच पहुंच गई है। जेब पर भी ज्यादा गर्म पड़ने लगी है। तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है और इसका सबसे ज्यादा असर उदयपुर के उपभोक्ताओं पर पड़ा है। नई दरों के बाद राजस्थान में सबसे महंगा घरेलू गैस सिलेंडर अब उदयपुर में मिलेगा।
ताजा संशोधन के अनुसार उदयपुर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 944.50 रुपए हो गई है। यानी एक झटके में 60 रुपए का इजाफा।
जयपुर में भी बढ़े दाम
राजधानी जयपुर में भी घरेलू गैस सिलेंडर अब 856.50 रुपए की बजाय 916.50 रुपए में मिलेगा। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1796.50 रुपए से बढ़कर 1911 रुपए हो गई है। गौरतलब है कि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में करीब 11 महीने बाद बढ़ोतरी हुई है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर लगातार महंगे होते जा रहे हैं।
बुकिंग नियम भी बदले
तेल कंपनियों ने रसोई गैस की बुकिंग को लेकर भी नया नियम लागू किया है। अब उपभोक्ता सिलेंडर की अगली बुकिंग डिलीवरी के 21 से 25 दिन बाद ही कर पाएंगे। उदाहरण के तौर पर यदि किसी उपभोक्ता ने 1 तारीख को गैस बुक करवाई और 2 तारीख को सिलेंडर मिल गया, तो वह अगली बुकिंग कम से कम 21 या 25 दिन बाद ही कर सकेगा। अलग-अलग तेल कंपनियों के लिए यह अंतराल थोड़ा अलग हो सकता है।
तीन महीने में 302 रुपए महंगा कॉमर्शियल सिलेंडर
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इस साल लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक मार्च को ही तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर पर 27.50 रुपए का इजाफा किया था। जनवरी से मार्च के बीच कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत कुल मिलाकर 302 रुपए तक बढ़ चुकी है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों की लागत भी बढ़ने लगी है।
रसोई तक पहुंची युद्ध की आंच: उदयपुर में राजस्थान का सबसे महंगा घरेलू गैस सिलेंडर 944.50 रुपए

Advertisements
