24 News Update. जयपुर। साल 2026 की शुरुआत आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों के लिए महंगाई की खबर के साथ हुई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने 1 जनवरी से कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कंपनियों की नई रेट लिस्ट के तहत राजस्थान में 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 111 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद यह सिलेंडर अब 1608.50 रुपए के बजाय 1719.50 रुपए में मिलेगा। दिलचस्प बात यह है कि इससे ठीक पिछले महीने दिसंबर में कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 10 रुपए प्रति सिलेंडर घटाए थे।
2025 में जनवरी से दिसंबर के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कुल मिलाकर 200 रुपए से अधिक की कटौती की थी। ऐसे में नए साल के पहले ही दिन हुई बढ़ोतरी ने एक बार फिर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं का खर्च बढ़ा दिया है।
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 856.50 रुपए में ही उपलब्ध रहेगा। वहीं राज्य सरकार की ओर से बीपीएल और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रियायती दरों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे इन वर्गों को महंगाई से कुछ राहत मिलती रहेगी।
नए साल में महंगाई का जश्न, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 111 रुपए महंगा

Advertisements
