24 News Update चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर क्षेत्र स्थित कन्नौज गांव में एक युवक की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। 27 दिसंबर को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल दुर्गेश रेगर ने गुरुवार को उदयपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर गांव में फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और देर रात से लेकर शुक्रवार तक गांव का माहौल गरमाया रहा। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। शुक्रवार को गांव में तनाव का माहौल बना रहा और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग कन्नौज पहुंचने लगे।मामला एक मामूली पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ था। 27 दिसंबर को दुर्गेश रेगर के घर उसकी पत्नी के साथ आपसी कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शकील की मां बीच-बचाव के लिए वहां पहुंची। बातचीत के दौरान धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें शकील की मां को चोट लग गई। इस घटना की सूचना किसी ने फोन के जरिए शकील को दी और बताया कि उसकी मां के साथ मारपीट हुई है।सूचना मिलते ही शकील अपने चार–पांच साथियों के साथ दुर्गेश के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही दुर्गेश पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर कर दिया गया। उदयपुर में युवक करीब पांच दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करता रहा, लेकिन गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।युवक की मौत के बाद शुक्रवार को कन्नौज गांव में बाजार पूरी तरह बंद रहे। आक्रोशित ग्रामीणों ने चौराहों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों से आए लोग सड़कों पर उतर आए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भदेसर डिप्टी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। तनाव को देखते हुए पुलिस लाइन सहित अन्य थानों से अतिरिक्त जाब्ता भी बुलाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की नामजद रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कुछ युवकों को डिटेन किया गया है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation सांवलिया सेठ के मंगला दर्शन से की लाखों श्रद्धालओं ने नववर्ष की शुरूआत चित्तौड़गढ़ में पुलिस हाजिर है मगर हाजिरी कहां है?? क्या बिना उपस्थिति होता है वेतन जारी??