उदयपुर में देश के 18 राज्यों से जुटे 90 प्रतिनिधि, रोजगार और सम्मान की सुरक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का ऐलान

उदयपुर। शहर में ठेला और फुटपाथ व्यवसायियों के रोजगार, सम्मान और अधिकारों को लेकर शनिवार को माछला मगरा स्थित गुजराती समाज धर्मशाला में राष्ट्रीय कन्वेंशन आयोजित हुआ। नेशनल हॉकर्स फेडरेशन और ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में ‘जो जमीन सरकारी है, वो जमीन हमारी है’ के नारे के साथ पथ विक्रेताओं के अधिकारों और उनके सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पथ विक्रेता अधिनियम 2014 के प्रावधानों की अनदेखी कर ठेले और सामान जब्त किए जा रहे हैं।

कन्वेंशन का उद्घाटन करते हुए सीटू जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि धरती किसी ने बनाई नहीं है, इसलिए उसकी कीमत तय नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि राजनीति से दूर रहने के बावजूद उसके फैसले हर व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करते हैं। सरकार, स्थानीय निकाय और प्रशासन पथ विक्रेताओं को अतिक्रमण के नाम पर बेदखल कर रहे हैं, जबकि गरीब मेहनतकश लोगों के रोजगार और सम्मान की रक्षा भी जरूरी है।

नेशनल हॉकर्स फेडरेशन के महासचिव शक्तिमान घोष ने कहा कि पथ विक्रेता अधिनियम 2014 की पालना कराने की जिम्मेदारी स्थानीय निकायों की है, लेकिन कानून की अवहेलना भी उन्हीं के स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद यह कानून बना है। अब इसके तहत मिले रोजगार और सम्मान की सुरक्षा के साथ पथ विक्रेताओं के कल्याण के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।

सीटू सचिव हीरालाल सालवी ने कहा कि ठेला और फुटपाथ व्यवसायियों के रोजगार के लिए मॉल और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से मिल रही प्रतिस्पर्धा भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की क्रय शक्ति घटने के दौर में पथ विक्रेता सस्ती और सुलभ वस्तुएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यूनियन संरक्षक गुमान सिंह राव ने आरोप लगाया कि नगर निगम ठेले और सामान जब्त कर रहा है, जबकि पथ विक्रेता अधिनियम के प्रावधानों के तहत ऐसी कार्रवाई पर सवाल उठते हैं।

यूनियन के मोहम्मद निजाम ने दावा किया कि नया बोर्ड बनने के बाद पिछले दो महीनों में सैकड़ों ठेले और सामान जब्त किए गए हैं। प्रभावित व्यवसायियों के बार-बार निगम के चक्कर लगाने के बावजूद उनका सामान नहीं छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पथ विक्रेताओं में नाराजगी बढ़ रही है। टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र कुमावत ने भी कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार और कल्याण की योजनाओं पर चर्चा के बजाय ठेला व्यवसायियों को हटाने के लिए टास्क फोर्स बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

कन्वेंशन में गुजरात से आए मोहम्मद भाई ने संविधान के प्रभावी क्रियान्वयन को जरूरी बताते हुए कहा कि संविधान की सफलता उसे लागू करने वालों की नीयत और कार्यप्रणाली पर निर्भर करती है। छत्तीसगढ़ से आए गौतम भाई ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है, लेकिन आज सरकारी तंत्र के व्यवहार में इसके उलट स्थिति दिखाई देती है। नेशनल हॉकर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष नवाब भाई ने जलवायु परिवर्तन के लिए कॉर्पोरेट गतिविधियों को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि पथ विक्रेता पर्यावरण के मित्र और संरक्षक हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की जरूरत बताई।

यूनियन सचिव संतोष सालवी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि रोजगार और घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। मणिपुर से आईं किरण माला ने वहां पथ विक्रेताओं के सामने आ रही चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि संगठित होकर ही अपने अधिकारों की रक्षा की जा सकती है। कन्वेंशन में ओडिशा से प्रताप साहू, हरियाणा से सुनील भार्गव, महाराष्ट्र से बबन कांबले, मध्यप्रदेश से संजय सिंह चौहान, उदयपुर से मोहम्मद शाहिद और मोहिनी माली सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी विचार रखे।

नेशनल हॉकर्स फेडरेशन की सचिव अनिता दास ने कहा कि देशभर के पथ विक्रेताओं को अपने अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा के लिए एकजुट होना होगा। कन्वेंशन का संचालन फेडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद ने किया। उन्होंने बताया कि 28 से 30 नवंबर तक गुजराती समाज धर्मशाला में फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें देश के 18 राज्यों से आए 90 प्रतिनिधि पथ विक्रेताओं के रोजगार, सम्मान, कल्याण और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार करेंगे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading