24 News Update उदयपुर। जिले की पंचायत समितियों में शनिवार को हुए उप प्रधान चुनाव में भी राजनीतिक बिसात पर कई ऐसी चालें चली गईं, जिन्होंने स्थानीय राजनीति के समीकरण बदल दिए। सबसे ज्यादा चर्चा भींडर की रही, जहां कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भाजपा ने लगातार दूसरे दिन उसे झटका दिया। एक दिन पहले प्रधान पद पर भाजपा की जीत के बाद अब उप प्रधान की कुर्सी भी भाजपा समर्थित खेमे के खाते में चली गई। कांग्रेस के टिकट पर वार्ड सदस्य बनी दिव्या कुंवर ने भाजपा की ओर से उप प्रधान पद का नामांकन दाखिल किया और जीत दर्ज की। दूसरी तरफ ओगणा में गजब हो गया। 15 सदस्यों को मतदान करना था, हुआ भी मगर वोट गिने तो 16 निकल गए। इससे पूरी की पूरी चुनावी प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई। अब राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी। बताया जा रहा है कि पुनरमतदान होगा।भींडर में घटनाक्रम तेजी से चला। कांग्रेस को पंचायत समिति में बहुमत हासिल था, लेकिन प्रधान चुनाव में भाजपा ने बाजी पलट दी थी। उप प्रधान चुनाव में कांग्रेस के वार्ड सात से निर्वाचित दिव्या कुंवर का भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल करना कांग्रेस के लिए फिर से बड़ा झटका साबित हुआ। कांग्रेस ने जितेन्द्र कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया था। जिस पंचायत समिति में कांग्रेस के पास संख्या बल था, वहां दोनों प्रमुख पद भाजपा समर्थित खेमे के पास पहुंच गए। भींडर में मतदान से पहले ही सियासी तनाव खुलकर सामने आ गया। पंचायत समिति सदस्य भानु गुर्जर के पुत्र डालचंद गुर्जर ने पिता के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मतदान से पहले पिता-पुत्र की मुलाकात पंचायत समिति परिसर में करवाई। डालचंद ने आरोप लगाया कि उन्हें पिता से अकेले में बात नहीं करने दी गई और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत भी पंचायत समिति पहुंचीं। उन्होंने पुलिस पर भाजपा के दबाव में काम करने के आरोप लगाए। दूसरी ओर वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी भानु गुर्जर को अपनी गाड़ी में बैठाकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। मतदान से पहले हुई इस गहमागहमी ने भींडर के चुनाव को जिले का सबसे चर्चित मुकाबला बना दिया। ओगणा में एक अतिरिक्त वोट ने रोक दी चुनावी प्रक्रियाओगणा पंचायत समिति में मतगणना के दौरान निर्धारित संख्या से एक वोट अधिक निकल आया। कुल 15 सदस्य हैं, लेकिन उप प्रधान चुनाव की मतगणना में 16 मत मिले। इस अप्रत्याशित स्थिति से निर्वाचन अधिकारियों के सामने असमंजस पैदा हो गया। रिटर्निंग अधिकारी बद्रीलाल ने इसे मानवीय भूल बताया। मगर मानवीय भूल हो कैसे गई यह जांच का विषय है। जानकारी झाड़ोल उपखंड अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजी गई। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेज दी गई है। अब विभाग के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। ओगणा में भाजपा के 6, कांग्रेस के 7 और अन्य के 2 सदस्य निर्वाचित हुए थे। अतिरिक्त वोट के कारण उप प्रधान चुनाव के परिणाम पर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है। दो जगह भाजपा के निर्विरोध उप प्रधानवल्लभनगर और कल्याणपुर पंचायत समितियों में भाजपा ने बिना मुकाबले उप प्रधान पद हासिल किया। वल्लभनगर में कन्हैयालाल डांगी और कल्याणपुर में करुणा मीणा निर्विरोध निर्वाचित हुए। कल्याणपुर में खास बात यह रही कि कांग्रेस की नवनिर्वाचित प्रधान त्रिपुरा कटारा ने भाजपा प्रत्याशी करुणा मीणा के नामांकन में प्रस्तावक की भूमिका निभाई। अन्य समितियों में भी भाजपा का दबदबाजिले की अन्य पंचायत समितियों में भी भाजपा ने कई सीटों पर जीत दर्ज की। बड़गांव में नारायण सिंह चदाणा, गिर्वा में हरीश मीणा और नाई में गुणवन्त कोठारी उप प्रधान बने। झाड़ोल में भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार ने जीत हासिल की। पंवार को जिला परिषद चुनाव में टिकट नहीं मिला था, जिसके बाद उन्होंने उप प्रधान पद के चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की थी। मावली में गेहरीलाल, कोटड़ा में केली और सुलाव में अंबालाल ने भाजपा की ओर से जीत दर्ज की। देवला में कल्लाराम भी उप प्रधान निर्वाचित हुए। कांग्रेस को कुराबड़ में शक्ति सिंह कृष्णावत और ऋषभदेव में आभा जैन के रूप में सफलता मिली। इस तरह उप प्रधान चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी रहा, जबकि कांग्रेस को सीमित समितियों में ही जीत मिली। बहुमत से आगे निकली सियासी रणनीतिजिले की 20 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के समय भाजपा को 9, कांग्रेस को 8 और अन्य को 3 समितियों में बहुमत मिला था। लेकिन उप प्रधान चुनाव ने दिखाया कि स्थानीय निकायों की राजनीति में केवल सदस्यों की संख्या ही अंतिम नतीजा तय नहीं करती। भींडर में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद दोनों प्रमुख पद भाजपा समर्थित खेमे के पास जाना और ओगणा में अतिरिक्त वोट निकलना इस चुनाव के दो सबसे बड़े घटनाक्रम रहे। एक ओर भींडर ने राजनीतिक रणनीति और दलगत समीकरणों को चर्चा में ला दिया, तो दूसरी ओर ओगणा ने निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए। उप प्रधान चुनाव के प्रमुख परिणामपंचायत समिति निर्वाचित उप प्रधान दलबड़गांव नारायण सिंह चदाणा भाजपागिर्वा हरीश मीणा भाजपानाई गुणवन्त कोठारी भाजपावल्लभनगर कन्हैयालाल डांगी भाजपा (निर्विरोध)भींडर दिव्या कुंवर भाजपा समर्थितकुराबड़ शक्ति सिंह कृष्णावत कांग्रेसऋषभदेव आभा जैन कांग्रेसकल्याणपुर करुणा मीणा भाजपा (निर्विरोध)झाड़ोल भंवर सिंह पंवार भाजपाकोटड़ा केली भाजपादेवला कल्लाराम भाजपासुलाव अंबालाल भाजपा Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation खांडी ओवरी में निकली मशाल यात्रा, ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त भारत का लिया संकल्प अमेरिकन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में नवप्रवेशित 150 मेडिकल विद्यार्थियों ने पहना व्हाइट कोट