24 News Update उदयपुर/जयपुर, । अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित ऐतिहासिक कुम्भलगढ़ दुर्ग एक बार फिर राजस्थान की समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का साक्षी बनेगा। राजस्थान पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, राजसमंद के तत्वावधान में 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय कुम्भलगढ़ उत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। इस बार उत्सव का विशेष आकर्षण बीकानेर का प्रसिद्ध बीकानेर बियर्ड ग्रुप होगा, जिसे ‘बीकानेरी रौबीले’ के नाम से भी जाना जाता है। यह समूह पहली बार कुम्भलगढ़ उत्सव में अपनी विशिष्ट पहचान और पारंपरिक शाही अंदाज के साथ भाग लेगा। समूह के कलाकारों की 5 से 7 फीट तक लंबी मूंछें और 8 से 30 किलोग्राम तक वजन वाली विशाल पारंपरिक पगड़ियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।संयुक्त निदेशक पर्यटन, उदयपुर सुमिता सरोच ने बताया कि कुम्भलगढ़ उत्सव राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत और जीवंत लोक संस्कृति को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस वर्ष उत्सव में शास्त्रीय नृत्य, भारतीय ताल वाद्य और राजस्थानी लोक संगीत की प्रस्तुतियों के साथ राजस्थान की पारंपरिक वेशभूषा, पगड़ी और मूंछों की विशिष्ट पहचान भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा की हमारा प्रयास है कि पर्यटक कुम्भलगढ़ की ऐतिहासिक भव्यता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और लोक जीवन का भी अनुभव कर सकें।पहली बार कुम्भलगढ़ में दिखेंगे बीकानेरी रौबीले-इस बार उत्सव में बीकानेर बियर्ड ग्रुप की भागीदारी विशेष आकर्षण रहेगी। श्याम सुंदर जोशी के नेतृत्व में यह समूह पिछले 7-8 वर्षों से राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक पहनावे और राजसी शान को देशभर में पहचान दिलाने के लिए सक्रिय है। समूह के कलाकार अपनी 5 से 7 फीट तक लंबी मूंछों और 8 से 30 किलोग्राम तक वजन वाली विशाल पारंपरिक पगड़ियों के लिए प्रसिद्ध हैं। कलाकार अपनी मूंछों के सहारे तलवार थामने जैसे अनूठे करतबों से भी दर्शकों को रोमांचित करते हैं। उनकी पारंपरिक पगड़ियां केवल पहनावा नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक हैं। कुम्भलगढ़ में इनकी पहली भागीदारी उत्सव को एक नया सांस्कृतिक आयाम देगी।कथक से मांगणियार तक, तीनों शाम होंगी खास-तीन दिवसीय कुम्भलगढ़ उत्सव में प्रतिदिन शाम 7 बजे विशेष सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक दिन की प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय और लोक संगीत की अलग-अलग विधाओं को समर्पित होगी।1 दिसंबर- संगीता सिंघल एवं उनके दल द्वारा शास्त्रीय कथक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।2 दिसंबर- मुजफ्फर रहमान द्वारा भारतीय ताल वाद्य यंत्रों की विशेष प्रस्तुति ‘ताल वाद्य कचहरी’ आयोजित होगी।3 दिसंबर- डॉ. समंदर मांगणियार एवं उनके दल द्वारा राजस्थान के पारंपरिक मांगणियार लोक संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यटकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य, वाद्य संगीत और राजस्थान की समृद्ध लोक गायन परंपरा का अनुभव मिलेगा।दिन में लोक संस्कृति और पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आकर्षण-उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक राजस्थानी लोक नृत्य, लोक संगीत और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए पारंपरिक पगड़ी बांधने और मेहंदी लगाने जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को राजस्थान की लोक परंपराओं से सीधे जुड़ने और उन्हें करीब से जानने का अवसर मिलेगा।इतिहास, विरासत और संस्कृति का अनूठा संगम-15वीं शताब्दी में महाराणा कुम्भा द्वारा निर्मित कुम्भलगढ़ दुर्ग मेवाड़ की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित यह दुर्ग अपनी विशाल प्राचीर, स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्ता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। तीन दिवसीय उत्सव इसी ऐतिहासिक परिवेश में राजस्थान की शास्त्रीय, लोक और पारंपरिक कलाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना और कुम्भलगढ़ को सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation झूठा शपथ पत्र देना पड़ा भारी, टेक्नॉय मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, वर्कशॉप निदेशक के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज करने के आदेश खांडी ओवरी में निकली मशाल यात्रा, ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त भारत का लिया संकल्प