24 News Udpate सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। बुधवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने सागवाड़ा क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाते हुए जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के झोंकों ने बिजली तंत्र को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया, जिसके चलते करीब 50 गांवों की 25 हजार से अधिक ढाणियां घंटों अंधेरे में डूबी रहीं। बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई और लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा।डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार खराब मौसम के कारण बिजली व्यवस्था को करीब 24 लाख रुपए से अधिक का नुकसान पहुंचा है। आंधी के दौरान 125 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 16 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। इनमें एक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल गया। कई स्थानों पर तार टूटने और पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।सूचना मिलते ही विद्युत निगम की टीमें रातभर राहत और मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। युद्धस्तर पर चलाए गए अभियान के बाद अब तक 15 गांवों में बिजली बहाल कर दी गई है, जबकि शेष क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त लाइनों और उपकरणों को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है। बिजली गई तो पानी भी थम गयातूफान का असर केवल बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा। शहरी जल योजना सागवाड़ा के मुख्य जलस्रोत लौड़ेश्वर डेम पर बिजली के पोल पर बबूल का पेड़ गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे पंपिंग कार्य रुक गया और सागवाड़ा शहर सहित ठकरड़ा, गोवाड़ी और नंदोड़ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे बिजली बहाल होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास शुरू किए गए हैं। पंपिंग और वितरण प्रणाली पूरी तरह सुचारु होते ही प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पुनः शुरू कर दी जाएगी। कच्चे मकानों और झोंपड़ों को भी नुकसानतेज हवाओं के कारण कई गांवों में कच्चे मकान, झोंपड़े और अस्थायी आशियाने क्षतिग्रस्त हो गए। कई परिवारों को पूरी रात मुश्किल हालात में गुजारनी पड़ी। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे करवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। साथ ही विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री से विशेष राहत पैकेज देने की मांग भी की गई है। तीन हादसे, एक महिला की मौतआंधी और बारिश के बीच क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन हादसों ने स्थिति की गंभीरता को और बढ़ा दिया। ओबरी तहसील के राजपुर गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक ढह गई। मलबे की चपेट में आने से 30 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल छा गया। वहीं कोकापुर गांव में तेज हवा के कारण राजनेट का डिश एंटीना गिर गया। इसकी चपेट में आने से राजीविका की महिला कार्मिक धनवंती पत्नी भरतलाल अहारी निवासी धावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है और उनका उपचार सागवाड़ा अस्पताल में जारी है। इसी तरह खाटवाड़ा गांव में घर की छत की रेलिंग पर रखी ईंट हवा के झोंके से नीचे गिर गई। ईंट जमना पत्नी प्रकाश डेंडोर के हाथ पर आ गिरी, जिससे उनका हाथ टूट गया। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही उपखंड अधिकारी सुबोधसिंह चारण, तहसीलदार ओबरी रक्षा बुनकर तथा अन्य अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मौसम विभाग ने जारी की चेतावनीमौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बिजली लाइनों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation तांबा खनन की संभावना से तमतमाए ग्रामीण, तीन गांवों के लोग पहुंचे ज्ञापन देने पूर्व कैबिनेट मंत्री भीखा भाई भील की 24वीं पुण्यतिथि कल