उदयपुर, 5 मई। बच्चों की सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर उदयपुर में चल रही पहल को मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित “पुलिसिंग फॉर केयर ऑफ चिल्ड्रन” कार्यक्रम में यूनिसेफ इंडिया की कंट्री हेड सिंथिया मैककैफ्रे ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के कार्यों की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा, “आप हैं तो हम सभी सुरक्षित हैं।”

उदयपुर रेंज पुलिस और UNICEF राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, यूनिसेफ राजस्थान के स्टेट हेड के.एल. नरसिम्हा राव, बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार निराला, विशिष्ट अतिथि माइकल सर और राज्य स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार सिधं बिनुजीत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

“बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा”

सिंथिया मैककैफ्रे ने कहा कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज में विश्वास भी मजबूत कर रही है। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा में टीम की भूमिका को सराहनीय बताया।

उन्होंने स्कूलों में आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इन प्रयासों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब निडर होकर शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।

“बाल संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी”

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि बाल सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उदयपुर जैसे पर्यटन शहर में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कालिका पेट्रोलिंग टीम की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए यूनिसेफ से टीम को और अधिक हाईटेक बनाने के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया।

सामुदायिक पुलिसिंग का मॉडल बनी टीम

के.एल. नरसिम्हा राव ने कहा कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट आमजन, खासकर बच्चों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है। वहीं डॉ. संजय कुमार निराला ने बच्चों के अधिकारों, संरक्षण और समय पर हस्तक्षेप की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि माइकल सर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सामुदायिक भागीदारी को बाल सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम माना जाता है और कालिका टीम इस दिशा में प्रेरणादायी कार्य कर रही है।

राज्य स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार सिधं बिनुजीत ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की कुंजी बताया।

बच्चों से संवाद कर भावुक हुईं सिंथिया

बैठक से पहले राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बड़गांव में यूनिसेफ टीम ने छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान सीआई दीपिका राठौड़ और बड़गांव थानाधिकारी हितेश यादव ने स्कूलों में चल रहे सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।

छात्राओं ने “वत्सल वार्ता” और आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। बच्चों के सवालों और उनकी समझ से सिंथिया मैककैफ्रे काफी प्रभावित नजर आईं।

इस दौरान छात्रा अनामिका ने सिंथिया मैककैफ्रे और के.एल. नरसिम्हा राव का स्केच बनाकर उन्हें भेंट किया। बच्चों की कला और आत्मविश्वास देखकर अतिथियों ने उनकी जमकर सराहना की।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या गीता शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि उप प्राचार्य नेहा कुदाल ने कार्यक्रम का समन्वय करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading