11 जिलों के 666 केंद्रों पर हुई परीक्षा, पहली पारी में 69.58 और दूसरी पारी में 69.03 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे उपस्थित; जयपुर, 20 सितंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सब इंस्पेक्टर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 रविवार को प्रदेश के 11 जिलों में निर्धारित 666 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस और एसओजी की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी। परीक्षा के दौरान एसओजी ने तीन वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए करीब 1200 संदिग्ध व्यक्तियों और आरपीएससी से डिबार अभ्यर्थियों को संबंधित थानों पर बुलाकर पूछताछ की गई। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वीके सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी 666 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास, यातायात व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं हो। पेपर की गोपनीयता पर विशेष निगरानी पुनः आयोजित की गई एसआई परीक्षा में पेपर की गोपनीयता और परीक्षा की शुचिता को लेकर पुलिस ने विशेष निगरानी रखी। अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्तर पर निगरानी व्यवस्था की गई। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, फोटो में विसंगति, समान नाम अथवा डबल फॉर्म जैसी गड़बड़ियों वाले करीब 50 अभ्यर्थियों को चिन्हित कर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा परीक्षा देने पहुंचे तीन वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पेपर लीक की किसी भी संभावना को रोकने के उद्देश्य से एसओजी ने करीब 1200 संदिग्ध व्यक्तियों और आरपीएससी से डिबार अभ्यर्थियों को संबंधित थानों पर बुलाकर पूछताछ की। पहली पारी में 69.58 प्रतिशत उपस्थिति आरपीएससी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पहली पारी में 11 जिलों में कुल 2,18,114 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। विस्तृत आंकड़ों में 1,51,774 अभ्यर्थियों के उपस्थित रहने और 66,340 के अनुपस्थित रहने की जानकारी दी गई है। इस आधार पर पहली पारी में कुल 69.58 प्रतिशत उपस्थिति रही। पहली पारी में टोंक में सबसे ज्यादा 77.73 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसके बाद हनुमानगढ़ में 74.35 प्रतिशत, श्रीगंगानगर में 73.42, भरतपुर में 73.39, अलवर में 72.31, जोधपुर में 71.85, कोटा में 71.44, बीकानेर में 69.69, अजमेर में 67.43, जयपुर में 66.90 और उदयपुर में 66.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पारी में 69.03 प्रतिशत अभ्यर्थी पहुंचे दूसरी पारी में भी कुल 2,18,114 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1,50,559 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 67,555 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में कुल उपस्थिति 69.03 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी पारी में भी टोंक उपस्थिति के मामले में सबसे आगे रहा, जहां 76.96 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। हनुमानगढ़ में 73.83, श्रीगंगानगर में 73.06, भरतपुर में 72.83, जोधपुर में 71.29, कोटा में 70.90, अलवर में 71.61, बीकानेर में 69.12, अजमेर में 66.96, जयपुर में 66.29 और उदयपुर में 66.06 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। डीजीपी ने परीक्षा से पहले दिया था संदेश महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा की पूर्व संध्या पर अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि पुलिस की वर्दी केवल गौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी की पहचान है। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा था कि उनका लक्ष्य केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसा पुलिस कार्मिक बनना होना चाहिए जिस पर आमजन संकट के समय भरोसा कर सके। राजस्थान पुलिस की ओर से कहा गया कि परीक्षा में शामिल प्रत्येक अभ्यर्थी के वर्षों के परिश्रम, उम्मीद और भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को प्राथमिकता दी गई। उदयपुर में दोनों पारियों में करीब 66 प्रतिशत उपस्थिति उदयपुर में पहली पारी में 66.46 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पारी में उपस्थिति 66.06 प्रतिशत रही। वहीं 11 जिलों में दोनों पारियों में सबसे ज्यादा उपस्थिति टोंक में दर्ज की गई। एसआई पुनः परीक्षा के आयोजन के साथ पुलिस और एसओजी की निगरानी अब परीक्षा से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के सत्यापन पर केंद्रित है। करीब 50 संदिग्ध अभ्यर्थियों के सत्यापन और पूछताछ की प्रक्रिया के साथ एसओजी की ओर से परीक्षा की शुचिता से जुड़े मामलों पर आगे भी निगरानी जारी रखने की बात कही गई है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जोधपुर में एजीटीएफ-जोधपुर कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई: लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, पंजाब पुलिस ने घोषित कर रखा था 5-5 लाख रुपये का इनाम