सलूंबर जिले के झल्लारा थाना पुलिस ने शुक्रवार को अवैध बजरी खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एलएनटी मशीन, एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली और लोहे का छन्ना जब्त किया। यह कार्रवाई पान गामड़ा नदी पुलिया क्षेत्र में की गई, जहां एलएनटी से नदी के भीतर से रेती निकाली जा रही थी और ट्रैक्टर में भरी जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारी लाल एवं उप अधीक्षक हेरंब जोशी के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
20 जून को गश्त के दौरान हैड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नदी में अवैध खनन हो रहा है। पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो एलएनटी मशीन बजरी निकाल रही थी और ट्रैक्टर में भराई चल रही थी। पुलिस को देखकर चालक और मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए।
मौके की जांच में पाया गया कि एलएनटी से नदी में गहरा गड्ढा खोदकर लगभग 4 टन बजरी ट्रॉली में भरी गई थी। ट्रॉली पर बजरी छानने के लिए लोहे का जालीदार छन्ना भी लगा हुआ था। मौके से VOLVO कंपनी की एलएनटी, महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर (RJ 27 RC 3329), ट्रॉली, छन्ना और एक मोबाइल फोन जब्त किए गए।
यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय की बजरी खनन पर रोक के उल्लंघन के तहत की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 303 (2) बीएनएस, एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 4/21 और राजस्थान अप्रदान खनिज नियम 2017 की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.