24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। सांसद राजकुमार रोत ने ग्रामीण क्षेत्रों में तम्बाकू उत्पादों की खपत को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला आंकड़ा साझा किया है। अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने “दाने-दाने में कैंसर का दम” शीर्षक से विमल गुटखे की खपत का पूरा गणित सामने रखकर लोगों से आत्मचिंतन और सामाजिक सुधार की अपील की है। सांसद रोत ने लिखा कि हाल ही में डूंगरपुर जिले के एक गांव की एक छोटी-सी दुकान पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने विमल की बिक्री को लेकर दुकानदार से बातचीत की। जब उन्होंने पूछा कि एक दिन में कितने पैकेट बिकते हैं, तो दुकानदार ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक ही 6 पैकेट बिक चुके हैं और पूरे दिन में 10 से 12 पैकेट तक बिक जाते हैं। एक पैकेट में 30 विमल होने की पुष्टि उन्होंने खुद गिनती कर की। इस आधार पर सांसद ने बताया कि औसतन एक दुकान पर प्रतिदिन 8 पैकेट बिकने पर 240 विमल की बिक्री होती है, जिसकी कीमत ₹1200 होती है। अब यदि एक ग्राम पंचायत में औसतन 25 से 30 दुकानें मान ली जाएं और डूंगरपुर जिले की कुल 353 ग्राम पंचायतों को आधार बनाया जाए, तो लगभग 8825 दुकानों पर प्रतिदिन ₹1200 के हिसाब से कुल बिक्री ₹1,05,90,000 यानी 1 करोड़ 5 लाख 90 हजार रुपये होती है। उन्होंने लिखा कि “डूंगरपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में ही प्रतिदिन लगभग 1 करोड़ रुपये की विमल खाई जा रही है। यदि इसे मासिक स्तर पर देखा जाए तो यह आंकड़ा ₹30 करोड़ तक पहुँचता है और सालाना खपत ₹3 अरब 60 करोड़ यानी ₹360 करोड़ से भी अधिक हो जाती है।” सांसद रोत ने लिखा— “बाकी डूंगरपुर जिले के शहर व छोटे कस्बों के गुटखा गल्ले का हिसाब, बीड़ी, सिगरेट, तानसेन, सिल्वर, गुटखा और दारू का हिसाब… वो आप लगाइए।” उन्होंने अपने इस विश्लेषण के पीछे की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि यह आंकड़े समाज को चेताने और इस व्यसन से मुक्त करने के उद्देश्य से साझा किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग इस पोस्ट को गंभीरता से पढ़ेंगे, विचार करेंगे और स्वयं, परिवार, गाँव व समाज में बदलाव के प्रयास करेंगे। पोस्ट के अंत में उन्होंने दोहराया—“दाने-दाने में कैंसर का दम है।” सांसद की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और कई सामाजिक संगठनों व युवाओं ने इस पर चर्चा शुरू कर दी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजस्थान में मानसूनी बारिश का कहर: बूंदी में युवक लापता, जैसलमेर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, राज्य के 29 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट रेजिडेंट हड़ताल : इधर जोश हाई, उधर हवा-हवाई्!! फेविकोल वाली कुर्सी को झटका देने लगा ‘सच का करंट’, जोधपुर में ऐलान-ए-शटडाउन, जयपुर में भी तैयारी