रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार ने जोनल रेलवे और मंडल अधिकारियों के साथ की बैठक, ट्रैक पेट्रोलिंग से लेकर रात के निरीक्षण तक सुरक्षा उपायों की निगरानी होगी नई दिल्ली। सर्दियों में कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने वाले असर को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जोनल रेलवे और मंडलों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रेलवे बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक (GM), मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और फील्ड अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों को कोहरे के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ट्रैक पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने और पेट्रोलमैन को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कम दृश्यता में लोको पायलटों की मदद के लिए ट्रेनों में फॉग सेफ्टी डिवाइस लगाने और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सिग्नलों पर चूने के निशान और सिग्मा बोर्ड लगाने के साथ रेलवे क्रॉसिंग पर चमकदार पट्टियां लगाने को कहा गया। ट्रेनों के अंतिम डिब्बों पर टेल लैंप और ‘X’ निशान स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। रेलवे ने सभी साइटिंग और इंडिकेशन बोर्ड की दृश्यता तथा रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा है। कर्मचारियों को कोहरे के दौरान सुरक्षा सावधानियों, उपकरण खराब होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और संशोधित स्वचालित सिग्नलिंग व्यवस्था का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा पैंट्री कारों सहित ट्रेनों में लगे फायर एवं स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की कार्यशीलता पर निगरानी रखने को कहा गया है। अधिकारियों को नियमित रात्रिकालीन निरीक्षण और फुटप्लेट निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परिचालन की तैयारियों का मौके पर जायजा लिया जा सके। कोहरे के कारण ट्रेनों में देरी होने पर परिचालन व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त ‘स्क्रैच रेक’ उपलब्ध रखने को भी कहा गया है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल महाप्रबंधकों और मंडल रेल प्रबंधकों को इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्देशों की सभी स्तरों पर कड़ाई से पालना सुनिश्चित कराने को कहा है। रेलवे का जोर कोहरे के मौसम में दृश्यता संबंधी चुनौतियों से निपटने, कर्मचारियों की तैयारी मजबूत करने और यात्रियों के लिए सुरक्षित व विश्वसनीय रेल परिचालन बनाए रखने पर है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation राजसमंद में एयर स्ट्राइक की मॉक ड्रिल, अचानक हुआ ब्लैकआउट; 15 घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया