उदयपुर/डूंगरपुर। रोटरी क्लब सभागार में मंगलवार को आयोजित ‘नेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026’ समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, उद्योग, खेल, पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 30 हस्तियों एवं युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। डायर कम्यूनिटी सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शिक्षाविद् प्रो. वसीम खान को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘होरेस मान अवॉर्ड फॉर एजूकेशनल लीडरशिप’ से सम्मानित किया गया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रो. वसीम खान ने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाना है तो देश की सबसे बड़ी ऊर्जा बच्चों और युवाओं की शिक्षा, कौशल और व्यक्तित्व निर्माण पर लगानी होगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी इमारतों या आर्थिक संसाधनों से नहीं, बल्कि उसके बच्चों की सोच, शिक्षा और सकारात्मक वातावरण से तय होता है। इसलिए समाज को नकारात्मक सोच से बाहर निकलकर ‘पॉजिटिव आउटलुक’ अपनाने की जरूरत है।

प्रो. खान ने कहा कि ‘नेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड्स-2026’ केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला एक आंदोलन है। इस मंच ने यह साबित किया है कि छोटे समाजों में भी शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, व्यापार, खेल, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी मौलिक प्रतिभा को पहचानना चाहिए। हर बच्चा डॉक्टर या इंजीनियर बनने के लिए नहीं जन्म लेता। कोई वैज्ञानिक, उद्यमी, खिलाड़ी, कलाकार, पत्रकार या शिक्षक बनकर भी समाज और देश को नई दिशा दे सकता है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को केवल नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि अवसर पैदा करने वाली पीढ़ी बनाना होगा। बच्चों को डर नहीं, आत्मविश्वास देना होगा। शिकायतों के बजाय समाधान की सोच और सीमित सपनों के बजाय वैश्विक नेतृत्व का हौसला देना होगा। उन्होंने कहा कि भारत के विश्व शक्ति बनने का रास्ता स्कूलों, कॉलेजों, कौशल विकास, शोध, नवाचार और चरित्र निर्माण से होकर गुजरता है।

प्रो. वसीम खान ने कहा कि भारत तभी विश्व शक्ति बनेगा जब देश का हर बच्चा यह महसूस करेगा कि उसका सपना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसी पीढ़ी तैयार करनी होगी जो आधुनिक तकनीक में दक्ष होने के साथ अपनी संस्कृति और मूल्यों से भी जुड़ी रहे तथा अपनी सफलता का लाभ समाज और राष्ट्र तक पहुंचाए।

उन्होंने आयोजन की पारदर्शिता और पेशेवर प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सभी सम्मान किसी सिफारिश या प्रभाव के आधार पर नहीं, बल्कि समाज की राय और जूरी की सर्वसम्मति से दिए गए। इससे युवाओं में मेहनत, ईमानदारी और योग्यता के प्रति विश्वास मजबूत होता है।

प्रो. खान ने आयोजन के प्रमुख सहयोगी आरिफ शेख और उनकी फाउंडेशन की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं दिया, बल्कि आयोजन की विजन, प्लानिंग, पारदर्शिता और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि हर सम्मानित व्यक्ति की उपलब्धियों और संघर्ष को विस्तार से प्रस्तुत करना इस समारोह की सबसे बड़ी विशेषता रही, जिससे यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहा बल्कि प्रेरणा का मंच बन गया।

उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तियों से आह्वान किया कि वे अपनी सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि न मानें, बल्कि कम से कम एक विद्यार्थी का मार्गदर्शन करने का संकल्प लें। यदि हर सफल व्यक्ति एक बच्चे का हाथ थाम ले, तो आने वाले वर्षों में पूरे समाज की तस्वीर बदल सकती है।

समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, खेल, पत्रकारिता, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों की 30 विशिष्ट हस्तियों एवं युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। आयोजन ने समाज में सकारात्मक सोच, उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का संदेश दिया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading