24 News Update उदयपुर, 22 अगस्त 2026। हिंदुस्तान जिंक द्वारा 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन की आधिकारिक जर्सी और पोस्टर का अनावरण किया गया। इसके साथ ही उदयपुर के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन की तैयारियां और तेज हो गयी है। फील्ड क्लब, उदयपुर से शुरू होने वाली यह मैराथन अपने खूबसूरत रूट, खेल भावना और सामाजिक उद्देश्य के लिए देशभर में पहचान बना चुकी है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, केंद्रीय जीएसटी के संयुक्त आयुक्त रोशन लाल, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश, हिंदुस्तान जिंक और एनीबडी कैन रन के प्रतिनिधि तथा खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
पिछले वर्ष 27 राज्यों और कई देशों से आए करीब 7 हजार धावकों ने इसमें भाग लिया था। इस वर्ष अभी तक 21.097 किमी, 10 किमी और 5 किमी श्रेणियों में 5,500 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। उदयपुर की झीलों, अरावली पर्वतमाला और ऐतिहासिक स्थलों के बीच आयोजित होने वाली यह मैराथन पेशेवर खिलाड़ियों, पहली बार दौड़ने वालों, परिवारों, विद्यार्थियों और कॉर्पोरेट टीमों को ‘वन रन, वन कम्युनिटी‘के संदेश के साथ एक मंच पर लाएगी।
इस अवसर पर गौरव श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज ने कहा कि, वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन उदयपुर का एक महत्वपूर्ण खेल आयोजन बन चुकी है। यह लोगों को फिटनेस और सामुदायिक भावना के माध्यम से जोड़ती है। इसकी खास बात यह है कि प्रतिभागी उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए एक सामाजिक उद्देश्य से भी जुड़ते हैं। मुझे जर्सी और पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम का हिस्सा बनकर खुशी हुई और मैं सभी प्रतिभागियों को इस मैराथन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।
लांच कार्यक्रम की शुरुआत मैराथन फिल्म के प्रदर्शन से हुई, जिसने पूरे माहौल में उत्साह भर दिया। इसके बाद आधिकारिक जर्सी और पोस्टर का अनावरण किया गया। हिंदुस्तान जिंक के कर्मचारियों ने भी अपनी रनिंग यात्रा और प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का समापन ऊर्जावान ड्रम रोल गतिविधि के साथ हुआ।
अमरेंदु प्रकाश, सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक, हिंदुस्तान जिंक ने कहा कि, वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन इस विश्वास का प्रतीक है कि खेल स्वस्थ समाज, व्यापक भागीदारी और सकारात्मक सामाजिक बदलाव का माध्यम बन सकते हैं। पिछले वर्षों में यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं रहा, बल्कि उदयपुर और यहां के लोगों के उत्सव के रूप में विकसित हुआ है। हमें गर्व है कि यह मंच फिटनेस, उद्देश्य और जिंक सिटी की पहचान को एक साथ जोड़ता है। रन फोर जीरो हंगर अभियान के माध्यम से हम यह संदेश भी दे रहे हैं कि दौड़ का हर कदम एक बड़े सामाजिक उद्देश्य में योगदान दे सकता है।
हिंदुस्तान जिंक और एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित यह मैराथन एआईएमएस प्रमाणित है और वर्ल्ड एथलेटिक्स से संबद्ध है। 21.097 किलोमीटर की मुख्य दौड़ फील्ड क्लब से शुरू होकर फतेहसागर पाल, रोटरी क्लब, सनसेट प्वाइंट पार्क, नेहरू गार्डन और सहेलियों की बाड़ी जैसे प्रमुख स्थलों से होकर वापस फील्ड क्लब पहुंचेगी। वहीं 10 किमी और 5 किमी रूट सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।
यह मैराथन उदयपुर को खेल और वेलनेस पर्यटन के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले धावक और उनके परिवार उदयपुर की झीलों, विरासत, संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव भी लेते हैं, जिससे स्थानीय होटल, रेस्तरां, परिवहन और अन्य व्यवसायों को लाभ मिलता है। पिछले वर्ष भागीदारी में 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी और इस वर्ष इससे भी अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। मैराथन के लिए पंजीकरण आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जारी है और निर्धारित क्षमता पूरी होने तक खुले रहेंगे। 6 सितंबर को होने वाली यह मैराथन एक बार फिर खेल, स्वास्थ्य, सामुदायिक भावना और सामाजिक उद्देश्य को एक साथ जोड़ते हुए उदयपुर को देश के प्रमुख रनिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading