24 News Update जयपुर/उदयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर के चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड के चार वर्ष पूरे होने पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार होने के बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है और मामले की सुनवाई बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रही है।शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में गहलोत ने कहा कि यह केवल लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले के आरोपी भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एनआईए कर रही है और सुनवाई एनआईए की विशेष अदालत में चल रही है, लेकिन केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद 180 गवाहों में से अब तक केवल 21 के ही बयान दर्ज हो सके हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर “5 लाख बनाम 50 लाख” का मुद्दा उठाकर लोगों को गुमराह किया, लेकिन उसकी मंशा कभी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजस्थान के दौरे पर आते हैं, लेकिन कन्हैयालाल तेली का नाम तक नहीं लेते और न ही दोषियों को सजा दिलाने की कोई चर्चा करते हैं। गहलोत ने प्रदेशवासियों से भाजपा के “असल चरित्र” को पहचानने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी ने केवल लोगों की भावनाओं के साथ राजनीति की है। मामले की सुनवाई अब भी अधूरीउल्लेखनीय है कि 28 जून 2022 को उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस बहुचर्चित मामले की जांच बाद में एनआईए को सौंपी गई थी। दिसंबर 2022 में एनआईए ने गौस मोहम्मद, मोहम्मद रियाज सहित सभी आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र पेश किया था।पिछले 27 महीनों से एनआईए की विशेष अदालत में ट्रायल जारी है। अभियोजन पक्ष के कुल 180 गवाहों में से अब तक केवल 21 की ही गवाही हो सकी है। चश्मदीद गवाह ईश्वर गौड़ और राजकुमार सहित 159 गवाहों के बयान अभी शेष हैं। 18 जून को डीएनए विशेषज्ञ डॉ. राजेश की गवाही प्रस्तावित थी, जो नहीं हो सकी। अब उनकी गवाही 2 जुलाई को निर्धारित की गई है।प्रारंभिक आरोपपत्र में एनआईए ने 166 गवाह सूचीबद्ध किए थे, जबकि जनवरी 2026 में 14 अतिरिक्त गवाहों को भी सूची में शामिल किया गया। मामले के नौ आरोपियों में से जावेद को हाईकोर्ट तथा फरहाद को एनआईए मामलों की विशेष अदालत से जमानत मिल चुकी है, जबकि शेष सात आरोपी अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation बारिश से पहले निगम सख्त: घटिया काम पर कमिश्नर का एक्शन, ठेकेदार का भुगतान रोका रूचि पालीवाल, अनिल खोईवाल को मिली पीएच.डी. की उपाधि