24 News Update उदयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने बेहतर परिचालन दक्षता और प्रभावी राजस्व नियोजन के दम पर इस वित्त वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई से रिकॉर्ड राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रेलवे ने मात्र 295 दिनों में माल ढुलाई से 2,939 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया, जो पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 10 दिन पहले हासिल किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शशि किरण ने बताया कि सुनियोजित परिचालन और संसाधनों के कुशल उपयोग के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ के नेतृत्व में उत्तर पश्चिम रेलवे ने 20 जनवरी 2026 तक कुल 6,690 करोड़ रुपए का अब तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जित किया है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 6,358 करोड़ रुपए था। इस प्रकार कुल राजस्व में 5.22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो गत वर्ष की तुलना में 15 दिन पहले प्राप्त की गई।
रेलवे के सभी राजस्व क्षेत्रों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यात्री राजस्व 2,733 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,971 करोड़ रुपए हो गया, जो 8.71 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। माल ढुलाई आय 2,833 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,939 करोड़ रुपए हुई, जिसमें 3.72 प्रतिशत की वृद्धि रही। वहीं अन्य कोचिंग सेवाओं से आय 271 करोड़ रुपए से बढ़कर 289 करोड़ रुपए पहुंच गई, जो 6.69 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाती है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.