24 news Update जयपुर। पूर्व उपराष्ट्रपति और राजस्थान के वरिष्ठ नेता जगदीप धनखड़ ने अब पूर्व विधायक के नाते मिलने वाली पेंशन के लिए राजस्थान विधानसभा सचिवालय में आवेदन किया है। धनखड़ 1993 से 1998 तक किशनगढ़ सीट से कांग्रेस के विधायक रहे थे। पूर्व विधायक के तौर पर उन्हें जुलाई 2019 तक पेंशन मिल रही थी, लेकिन पश्चिम बंगाल के राज्यपाल नियुक्त होने के बाद यह पेंशन बंद हो गई थी। उपराष्ट्रपति पद से हटने के बाद उन्होंने पुनः पेंशन बहाली के लिए आवेदन किया है।
धनखड़ ने 21 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दिया था। उसी दिन वह राज्यसभा की कार्यवाही में भी शामिल हुए थे और शाम को इस्तीफा दे दिया। विधानसभा सचिवालय ने उनके पेंशन आवेदन पर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब उन्हें इस्तीफे की तारीख से पूर्व विधायक की पेंशन मिलनी शुरू होगी।

सरकारी पद पर जाते ही बंद हो जाती है पेंशन
विधानसभा के नियमों के अनुसार, विधायक का कार्यकाल पूरा होते ही पूर्व विधायक की पेंशन शुरू हो जाती है। लेकिन यदि कोई पूर्व विधायक सरकारी पद पर मनोनीत हो जाता है या मंत्री बन जाता है, तो पेंशन बंद कर दी जाती है। कार्यकाल पूरा होने के बाद जब वह पद छोड़ता है, तब दोबारा आवेदन करने पर पेंशन फिर शुरू हो जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत धनखड़ ने आवेदन किया है।

जगदीप धनखड़ को अब तीन पेंशन
पूर्व उपराष्ट्रपति के तौर पर करीब 2 लाख रुपए प्रतिमाह
पूर्व सांसद के तौर पर 31 हजार रुपए प्रतिमाह
पूर्व विधायक के तौर पर 42 हजार रुपए प्रतिमाह
पूर्व राज्यपाल को पेंशन नहीं मिलती है, इसलिए इस पद से उन्हें कोई लाभ नहीं होगा।

पूर्व विधायक की पेंशन का नियम
पूर्व विधायक को बेसिक 35 हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती है। हर टर्म के बाद 1600 रुपए जोड़कर यह राशि बढ़ती है। साथ ही यदि पूर्व विधायक 70 वर्ष की आयु पार कर ले, तो पेंशन में 20% इजाफा कर दिया जाता है। धनखड़ एक बार विधायक रहे हैं और उनकी उम्र 75 वर्ष है। ऐसे में उन्हें 35 हजार रुपए पर 20% बढ़ोतरी के साथ 42 हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।
इस तरह तीनों पेंशन को मिलाकर धनखड़ को हर महीने करीब 2 लाख 73 हजार रुपए मिलेंगे।

40 दिनों से मौन, स्वास्थ्य को लेकर अटकलें
धनखड़ पिछले 40 दिनों से ‘मौन’ हैं। परिवार का कहना है कि वह आराम कर रहे हैं, हालांकि स्वास्थ्य को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से उनके इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लग रही हैं।

नया आवास और शिफ्टिंग की तैयारी
9 सितंबर को नए उपराष्ट्रपति का चुनाव होना है। उससे पहले धनखड़ को नए आवास में शिफ्ट होना होगा। सरकार ने उन्हें दिल्ली में टाइप-8 बंगला आवंटित किया है, जो इस समय एक केंद्रीय मंत्री के पास है। बंगला खाली होने और रेनोवेशन के बाद ही वह वहां शिफ्ट हो पाएंगे। विभाग उन्हें अस्थायी आवास उपलब्ध कराने पर भी विचार कर रहा है। प्रोटोकॉल के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति को 2000 वर्ग गज तक का आवास किराए पर लेकर भी दिया जा सकता है। वर्तमान में उन्हें अस्थायी तौर पर पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग पर सरकारी बंगला उपलब्ध कराया गया है।

राजस्थान से प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
हाल ही में राजस्थान से एक प्रतिनिधिमंडल धनखड़ से मिलने गया था। इस दौरान उन्होंने भविष्य की योजनाओं को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उनके इस्तीफे को लेकर अटकलें अब भी जारी हैं और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज बनी हुई है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading