24 News Update उदयपुर, 13 जुलाई। मेवाड़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में विकसित हो रहा महाराणा प्रताप एयरपोर्ट का नया अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल सितम्बर तक तैयार होने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी ने सोमवार को निर्माणाधीन टर्मिनल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से इस अत्याधुनिक टर्मिनल का शीघ्र शुभारंभ कराया जाएगा। साथ ही संभावना जताई कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर मेवाड़ क्षेत्र की अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
सांसद डॉ सीपी जोशी ने बताया कि करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह नया टर्मिनल राजस्थान के सबसे आधुनिक और विशाल एयरपोर्ट टर्मिनलों में शामिल होगा। लगभग 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित इस टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 45 लाख यात्रियों की होगी, जो वर्तमान क्षमता से कई गुना अधिक है। भवन का डिजाइन मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला से प्रेरित है, जिसमें महाराणा प्रताप, चित्तौड़गढ़ दुर्ग, एकलिंगजी, झीलों की नगरी उदयपुर तथा मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।
नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक चेक-इन काउंटर, स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम, एयरोब्रिज, विस्तृत प्रतीक्षालय, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था, फूड कोर्ट, रिटेल स्टोर, वीआईपी लाउंज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही भविष्य में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा मानकों को शामिल किया गया है।
एयरपोर्ट के इस नवीन टर्मिनल के जी.एम. इलेक्ट्रिकल हरीश कुमार पांडे एवं अन्य अधिकारियों ने टर्मिनल के कार्य प्रगति की जानकारी सांसद को प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले उदयपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन केवल 4 से 5 उड़ानों का संचालन होता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण आज यहां से प्रतिदिन 25 से अधिक उड़ानें संचालित हो रही हैं। नया टर्मिनल शुरू होने के बाद उदयपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का मार्ग भी प्रशस्त होगा, जिससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।
जोशी ने कहा कि मेवाड़ आज देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। जी-20 जैसी अंतरराष्ट्रीय बैठक की सफल मेजबानी ने भी उदयपुर की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। बेहतर हवाई संपर्क से विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में मेवाड़ में सड़क, रेल, हवाई संपर्क, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। नया अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल इन्हीं विकास कार्यों की महत्वपूर्ण कड़ी है, जो मेवाड़ को वैश्विक पर्यटन और निवेश के मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, विधायक प्रत्याशी कृष्ण गोपाल पालीवाल, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, महामंत्री पारस सिंघवी, देवीलाल सालवी, डॉ. पंकज बोराणा, देहात जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, सोशल मीडिया प्रदेश सहसंयोजक मोहित सनाढय, भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत, डबोक मंडल अध्यक्ष जीवन सिंह, युवा मोर्चा के यशवंत जी, सुरेंद्र सिंह पवार, गजेंद्र त्रिवेदी हितेश प्रजापत,संतोष पालीवाल गेहरीलाल डांगी, राजू गुजराती युधिष्ठिर पुरोहित दूल्हे सिंह देवड़ा मोहन मेनारिया, प्रवक्ता डॉ ओम पारीक, मीडिया प्रभारी अशोक नागदा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading