24 News Update उदयपुर, 15 जून। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत सोमवार को महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में तीन दिवसीय हल्दीघाटी युद्ध विजय चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। मेवाड़ के शौर्य, स्वाभिमान और बलिदानी परंपरा को दर्शाती इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शहर विधायक ताराचंद जैन ने किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी नई पीढ़ी को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद विधायक जैन ने कहा कि कलाकारों ने अपने चित्रों के माध्यम से मेवाड़ के इतिहास को जीवंत कर दिया है। हर चित्र ऐसा प्रतीत होता है मानो वह स्वयं शौर्य और बलिदान की गाथा सुना रहा हो। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी को अवश्य देखें, ताकि राष्ट्रधर्म, संस्कृति, मातृभूमि, सत्य, अनुशासन, चरित्र और साहस जैसे मूल्यों को आत्मसात कर सकें।

प्रदर्शनी संयोजक डॉ. रमन सूद ने बताया कि उद्घाटन समारोह में महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह और भरतपुर ब्रज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर हल्दीघाटी विजय पर आधारित लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में प्रताप गौरव केन्द्र के संपर्क अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, समारोह संयोजक सीए डॉ. महावीर चपलोत, उपाध्यक्ष सुभाष भार्गव, प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना, डॉ. अनिल कोठारी, चित्रकार राम सिंह, डॉ. विनोद यादव, फिल्म निर्देशक अरविंद सिंह चौधरी, संपादक दिनेश, सिनेमेटोग्राफर चेतन और साउंड रिकॉर्डिस्ट चित्तरंजन दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रताप गौरव शोध केन्द्र के निदेशक डॉ. विवेक भटनागर ने बताया कि प्रदर्शनी में कुल 169 चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध, जौहर और साकों, 68 चित्र उदयपुर शहर के ऐतिहासिक स्थलों और नगर विकास तथा 50 चित्र महाराणा प्रताप जयंती के दौरान आयोजित चित्रकला कार्यशालाओं में देशभर के कलाकारों द्वारा तैयार किए गए हैं। इतिहासविद डॉ. हुकुम जोशी, प्रो. पी.एम. यादव, डॉ. बालूदान बारहठ और लव वर्मा ने आगंतुकों को चित्रों के माध्यम से मेवाड़ के इतिहास, जल प्रबंधन, नगर नियोजन, पर्यावरण और कृषि परंपरा की जानकारी दी।

17 जून तक चलेगी प्रदर्शनी, राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां तेज

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के तत्वावधान में आयोजित यह चित्र प्रदर्शनी 17 जून तक जारी रहेगी। इसी दिन गांधी ग्राउंड में होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत संबोधित करेंगे। आयोजन के लिए विशेष डोम तैयार किया गया है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

महाराणा प्रताप की प्रतिमा का होगा दुग्धाभिषेक

महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर 16 जून शाम 5:15 बजे प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में स्थापित 57 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

आज उदयपुर पहुंचेंगे सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत

सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मंगलवार शाम दिल्ली से वायुयान द्वारा उदयपुर पहुंचेंगे। वे शाम करीब 7:30 बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रताप गौरव केन्द्र में रात्रि विश्राम करेंगे और 17 जून को गांधी ग्राउंड में आयोजित राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे।

आयोजन के लिए विशेष प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था

समारोह के संयोजक सीए डॉ. महावीर चपलोत ने बताया कि विभिन्न श्रेणी के आमंत्रित अतिथियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और पार्किंग व्यवस्था की गई है। अतिविशिष्ट एवं साधु-संतों के लिए गेट नंबर-1, विशिष्टजनों के लिए गेट-3बी तथा आम नागरिकों, मीडिया और कार्यकर्ताओं के लिए गेट नंबर-2 और 3ए निर्धारित किए गए हैं। शहर और बाहर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं तथा वहां से आयोजन स्थल तक विशेष वाहनों और गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading