जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 76,400 रुपए का जुर्माना; हर बस में यात्री शिकायत हेल्पलाइन 9928900900 प्रदर्शित करना अनिवार्य

उदयपुर, 26 नवंबर। यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर बसों में मनमाने बदलाव करने और परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों पर अब शिकंजा कसने लगा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को सुखेर चौराहे पर औचक जांच अभियान चलाकर 12 बसों के चालान बनाए। इन पर कुल 76,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं और अनधिकृत संरचनात्मक बदलाव मिलने पर एक लक्जरी स्लीपर बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

यह कार्रवाई राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के सदस्य सचिव के तत्वावधान में जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य बसों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और बस निर्माण से जुड़े AIS-119 मानकों की पालना कराना है।

हर बस में दिखाना होगा शिकायत नंबर

जांच के दौरान बसों में यात्रियों की शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था को भी प्रमुखता से परखा गया। प्राधिकरण ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक बस में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का हेल्पलाइन नंबर 9928900900 स्पष्ट और आसानी से दिखाई देने वाली जगह पर प्रदर्शित किया जाए। इसके लिए बस के भीतर स्टिकर या नोटिस लगाना होगा। उस पर प्राधिकरण का नाम, हेल्पलाइन नंबर और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी हिंदी तथा अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखी होनी चाहिए।

बस के संचालन, चालक-कंडक्टर के व्यवहार, यात्री सुरक्षा या निर्धारित सुरक्षा मानकों से जुड़ी किसी भी शिकायत पर यात्री इस नंबर के जरिए संपर्क कर सकेंगे। बस में शिकायत पेटी नहीं मिलने पर संचालकों को निर्धारित समयावधि में सक्षम प्राधिकारी के निर्देशों के अनुरूप शिकायत पेटी लगवाने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

सिटी और मिनी बसें भी जांच के दायरे में

अभियान केवल लंबी दूरी की स्लीपर और लक्जरी बसों तक सीमित नहीं है। सिटी बसों और मिनी बसों की फिटनेस, सड़क पर चलने की योग्यता, वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, पीयूसी और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। गति नियंत्रित रखने के लिए लगाए जाने वाले स्पीड गवर्नर और स्पीड लिमिटिंग डिवाइस की मौजूदगी के साथ उनकी कार्यशीलता भी परखी जा रही है। उपकरण हटाने, कनेक्शन काटने या उनसे छेड़छाड़ करने जैसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मनमाने बदलाव हादसों को न्योता

अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बसों की मूल बनावट में बिना अनुमति किए गए संरचनात्मक बदलाव यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं। क्षमता, सुरक्षा और निर्धारित तकनीकी मानकों से छेड़छाड़ कर सड़क पर उतारी गई बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मौके पर अपर जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित सफर यात्रियों का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करने के लिए परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading