Site icon 24 News Update

मदार बड़ा तालाब छलका, फतहसागर झील का जलस्तर तेजी से बढ़ा, उदयसागर के गेट बंद

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। उदयपुर की फतहसागर झील को भरने में सबसे बड़ा सहायक मदार बड़ा तालाब शनिवार को लबालब हो गया। तालाब पर चादर चलने के साथ ही मदार नहर से पानी फतहसागर झील में पहुंचना शुरू हो गया है।
पिछले 24 घंटे में उदयपुर जिले में सबसे अधिक बारिश गोगुंदा क्षेत्र में हुई, जहां करीब 3 इंच बरसात दर्ज की गई। वहीं मदार क्षेत्र में लगभग 2 इंच, देवास व खेरवाड़ा में एक-एक इंच और उदयपुर शहर में करीब आधा इंच बारिश हुई। शुक्रवार शाम को हुई बरसात के बाद मदार तालाब भर गया और अब लगातार फतहसागर की ओर पानी छोड़ रहा है।

मदार से सीधे फतहसागर तक
24 फीट क्षमता वाले मदार तालाब का पानी मदार नहर से होकर प्रताप गौरव केंद्र के नीचे से देवाली होते हुए सीधे फतहसागर झील में पहुंच रहा है। 13 फीट भराव क्षमता वाली फतहसागर झील का जलस्तर शनिवार सुबह तक लगभग 10 फीट दर्ज किया गया, जो अब तेजी से बढ़ रहा है।

ऐसे भरती है फतहसागर
फतहसागर झील में पानी की मुख्य आवक मदार बड़ा, मदार छोटा और थूर की पाल से मदार नहर के जरिए होती है। इसके अलावा सीसारमा नदी के माध्यम से पिछोला झील भरने पर उसका अतिरिक्त पानी लिंक चैनल से फतहसागर में छोड़ा जाता है।

अन्य प्रमुख जलाशयों की स्थिति
उदयसागर झील – 7.31 फीट भराव क्षमता वाली उदयसागर का जलस्तर वर्तमान में लगभग 6.7 फीट तक पहुंच गया है। इसका गेट बंद है।
स्वरूपसागर – 3.35 फीट क्षमता वाली स्वरूपसागर झील का जलस्तर 3.12 फीट है। गेट बंद हैं।
जयसमंद – एशिया की दूसरी सबसे बड़ी कृत्रिम झील जयसमंद का जलस्तर 415.13 मीटर दर्ज किया गया है।
वल्लभनगर बांध – 5.94 फीट क्षमता वाला यह बांध इस समय 3.53 फीट पर है।
मानसी वाकल बांध (झाड़ोल) – 581 फीट क्षमता में से अभी 579.65 फीट तक पानी पहुंच चुका है।
साबरमती बांध (कोटड़ा) – 12.4 फीट क्षमता वाला यह बांध भर चुका है और इस पर 1 इंच की ओवरफ्लो चल रही है।
जोगीवाड़ बांध (कोटड़ा) – यह भी 1 इंच की ओवरफ्लो पर चल रहा है।
केजड़ बांध (सलूम्बर) – यह बांध पूरी तरह भर चुका है।

Exit mobile version