24 News Update प्रतापगढ़, 24 अगस्त। धरियावद क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से बेहद शातिर तरीके से सोने के गहने ले जाने का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे बदमाश ने चेन और ब्रेसलेट देखने के बहाने ज्वेलर को बातचीत और मोबाइल में उलझाया और महज करीब चार सेकेंड में टेबल पर रखे सोने के गहने लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
घटना रविवार रात करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पद्मावती ज्वेलर्स के मालिक जुगल दोषी के अनुसार आरोपी धरियावद निवासी आरिफ खान शनिवार को भी दुकान पर आया था। उसने करीब 1.25 लाख रुपए के बजट में सोने की चेन खरीदने की बात कही थी। जुगल दोषी ने उसे चेन दिखाई तो आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को दिखाने के बहाने चेन की फोटो खींच ली। कुछ देर बाद उसने कहा कि चेन जिनके लिए खरीदनी है, उन्हें फोटो भेजी है, लेकिन अभी कोई जवाब नहीं आया। उसने अगले दिन दोबारा आने की बात कही और चला गया।

दूसरे दिन फिर दुकान पहुंचा, 4-5 चेन निकलवाईं
ज्वेलर के मुताबिक आरोपी रविवार रात करीब 7:30 बजे दोबारा दुकान पर पहुंचा। उस समय दुकान पर जुगल दोषी अकेले थे। आरोपी ने सोने की 4-5 चेन दिखाने को कहा। ज्वेलर एक-एक कर चेन दिखाता रहा। इस दौरान आरोपी कभी चेन की फोटो भेजने तो कभी उसकी कीमत पूछने के बहाने मोबाइल फोन पर ज्वेलर का ध्यान लगाए रहा।
इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर टेबल पर रखी करीब 56 से 58 ग्राम वजन की सोने की चेन और ब्रेसलेट उठाया और दुकान से बाहर निकल गया। ज्वेलर को जैसे ही गहने गायब होने का पता चला, वह बदमाश के पीछे भागे, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद
बदमाश की करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी दुकान में बैठकर गहने देखते और ज्वेलर से बातचीत करते दिखाई देता है। इसके बाद मौका मिलते ही वह टेबल पर रखे गहने उठाकर तेजी से बाहर निकल जाता है। पूरी वारदात करीब चार सेकेंड में होने की बात सामने आई है।
वारदात की जानकारी फैलते ही क्षेत्र के अन्य ज्वेलर भी पद्मावती ज्वेलर्स के बाहर एकत्र हो गए। इसके बाद ज्वेलर पुलिस थाने पहुंचे और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। सूचना पर धरियावद थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली और तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई।
धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल मीणा ने बताया कि जुगल दोषी की ओर से रविवार रात नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading