स्नेह मिलन समारोह में समाज सुधार पर मंथन, सामूहिक विवाह समिति को 1.44 लाख रुपए सहयोग की घोषणा फतहनगर। मालवीय लोहार समाज उदयपुर संभाग की सोलह चौखला समिति के तत्वावधान में रविवार को स्नेह मिलन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के 22 चौखलों के अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा सामूहिक विवाह समिति के पदाधिकारियों का सम्मान-अभिनंदन किया गया। इस दौरान सामूहिक विवाह आयोजन के लिए समाजबंधुओं ने आर्थिक सहयोग की घोषणाएं भी कीं। समारोह की अध्यक्षता स्थानीय सनवाड़ सेकंड चौखला अध्यक्ष तुलसीराम लोहार ने की। मुख्य अतिथि सामूहिक विवाह समिति अध्यक्ष नारायणलाल लोहार कोठारिया वाले रहे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय कार्यकारिणी उपाध्यक्ष झमकलाल लोहार, सलाहकार भंवरलाल लोहार, रामनारायण लोहार सहित विभिन्न चौखलों के पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ देव रावल लोहार बावजी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद बाहर से आए पदाधिकारियों के साथ 22 चौखलों के अध्यक्षों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का तिलक, उपरणा एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। समारोह में समाज सुधार से जुड़े विषयों पर सलाहकार भंवरलाल लोहार ने विचार रखे। वहीं सामूहिक विवाह समिति के कोषाध्यक्ष भगवतीलाल ने समिति के अब तक के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। सामूहिक विवाह के लिए बढ़े मदद के हाथ सामूहिक विवाह आयोजन समिति को स्थानीय चौखले की ओर से 21 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की गई। नवयुवक मंडल अध्यक्ष दिलीप लोहार आमली वाले ने भी 21 हजार रुपए सहयोग देने की घोषणा की। पूर्व अध्यक्ष देवी लाल लोहार ने 51 हजार रुपए तथा सनवाड़ सेकंड चौखला अध्यक्ष तुलसीराम लोहार ने 51 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा अन्य समाजबंधुओं ने भी सामूहिक विवाह आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं कीं। समारोह के अंत में स्थानीय चौखले के संरक्षक मोहनलाल ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन तुलसीराम लोहार सनवाड़ एवं पुष्कर लोहार वल्लभनगर ने किया। समापन पर समाजबंधुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसाद ग्रहण किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पर्यावरण स्वीकृति के मामलों में देरी नहीं, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर रेंजर प्रताप सिंह चूड़ावत की हत्या के विरोध में वनकर्मियों का प्रदर्शन