24 News Update उदयपुर, 16 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार सुबह सहेलियों की बाड़ी में सामूहिक योग प्रोटोकॉल का भव्य पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, योग साधकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। सहायक निदेशक डॉ. भानु कुमार जैन ने बताया कि जिलेभर में नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल के पूर्वाभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति, शारीरिक स्फूर्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. शुभा सुराणा ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट योगाभ्यास करवाया, जिसमें विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और विश्राम क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। वहीं डॉ. संजय माहेश्वरी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं के स्वास्थ्य लाभ और उनके महत्व की जानकारी दी। मंच पर जिग्नेश शर्मा, विमला सिंह, मैना जैन, मुकेश पाठक, योगी अशोक जैन, पूरण सिंह, शारदा जालोरा, प्रेम जैन, सरला जोशी, गायत्री और सुरेश पालीवाल ने योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उपस्थित लोगों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। इस अवसर पर योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय उदयपुर, पतंजलि योग समिति, क्रीड़ा भारती, पैसिफिक विश्वविद्यालय, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, स्वास्थ्य सेतु, विश्व फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, प्रणव आयुर्वेद योग सेंटर, ओसवाल सभा, ओसवाल युवक परिषद और आरोग्य विहार धाम सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारी, सदस्य और योग साधक मौजूद रहे। वैद्य डॉ. शोभालाल औदीच्य ने बताया कि 50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत अगला योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास 17 जून की सुबह गुलाब बाग स्थित गांधी मूर्ति के समक्ष आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों से समय पर पहुंचकर योगाभ्यास में भाग लेने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation ‘दिल की गली से’ ग़ज़ल संग्रह का 19 जून को होगा विमोचन, साहित्यिक संध्या में सजेगा कवि सम्मेलन पानी भरने गई महिला की 200 फीट गहरे कुएं में डूबने से मौत