24 News Update जयपुर, 1 जुलाई। अगर आप दुपहिया वाहन चलाते हैं या बाइक पर पीछे बैठकर सफर करते हैं तो अब सावधान हो जाइए। राजस्थान पुलिस 2 जुलाई से पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय राज्यव्यापी विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले सहयात्री पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ओवरस्पीड, अवैध पार्किंग और लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। राजस्थान पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित होगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने राज्य के सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। मिशन-2030: सड़क हादसों में 50 प्रतिशत कमी का लक्ष्यराज्य सरकार की राज्य सड़क सुरक्षा रणनीति एवं कार्ययोजना के तहत वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस मुख्यालय के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन चालक और उनके पीछे बैठने वाले सहयात्री बिना हेलमेट सफर करते हैं। सड़क दुर्घटना होने पर सिर में गंभीर चोट लगने से मौत और स्थायी दिव्यांगता के अधिकांश मामलों में हेलमेट नहीं पहनना प्रमुख कारण बनता है। इसलिए अब चालक और सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से लागू कराया जाएगा। केवल चालान नहीं, पहले जागरूकता पर रहेगा जोरराजस्थान पुलिस इस अभियान को केवल चालान तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा।प्रदेशभर में ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, प्रमुख बाजारों, चौराहों, ग्रामीण हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटक, सड़क सुरक्षा शपथ, रैलियां, प्रचार वाहन, ग्राम सभाएं तथा जनसंवाद के माध्यम से लोगों को हेलमेट के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। ‘बिना हेलमेट नहीं सफर’ बनेगा अभियान का संदेशअभियान के दौरान सोशल मीडिया और जनसंपर्क माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। “बिना हेलमेट नहीं सफर—चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य” तथा “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेशों को अभियान का प्रमुख आधार बनाया गया है। इन चार मामलों में होगी विशेष कार्रवाईराजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान केवल हेलमेट तक सीमित नहीं रहेगा। प्रतिदिन विशेष अभियान चलाकर चार प्रमुख यातायात उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी—बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले चालक एवं सहयात्री। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार (ओवरस्पीड) से वाहन चलाने वाले चालक। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन।छह लेन राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक।पुलिस की अपील राजस्थान पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्वयं हेलमेट पहनें, अपने परिवार के सदस्यों और सहयात्रियों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित राजस्थान के निर्माण में भागीदार बनें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन बचाने की सबसे प्रभावी सुरक्षा है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation मौसम विभाग की चेतावनी: अगले 3 घंटे इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं एसआई भर्ती-2021 री-एग्जाम: हाईकोर्ट की बड़ी राहत, मूल परीक्षा में आवेदन करने वाले याचिकाकर्ताओं को भी मिलेगा मौका