24 News update बांसवाड़ा। जिले में सड़क हादसे के रूप में सामने आए एक मामले की जांच में ऐसा खुलासा हुआ जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। सदर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पूर्व पत्नी, उसके वर्तमान पति और मासूम बच्ची को रास्ते से हटाने के लिए स्कूल बस को हथियार बना लिया। आरोपी ने बाइक को पीछे से टक्कर मारकर इस वारदात को सामान्य सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में हत्या के प्रयास की साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक सवार परिवार को मारी थी जोरदार टक्कर सदर थाना क्षेत्र के गुलाबपुरा नायागांव निवासी विठला मईडा (30) ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 19 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपनी पत्नी जया और छोटी बेटी जयन्सी के साथ गमाना आनंदपुरी स्थित ससुराल से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। विठलदेव मोड़ के पास पीछे से आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में विठला, जया और उनकी बेटी को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। नाता प्रथा बनी रंजिश की वजह पुलिस जांच में सामने आया कि जया का विवाह करीब नौ साल पहले शंकरपुरा मलवासा निवासी कालूराम निनामा के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद कालूराम ने जया की ही बहन माया के साथ नाता विवाह कर लिया। पति द्वारा दूसरी महिला से नाता करने के बाद जया नाराज होकर उसे छोड़कर अपने पिता के घर रहने लगी और करीब तीन साल तक पीहर में रही। बाद में सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार जया का नाता विठला मईडा के साथ करवा दिया गया। इसके बाद से ही कालूराम अपनी पूर्व पत्नी जया और उसके नए पति विठला से रंजिश रखने लगा था। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से दोनों से बदला लेने का मौका तलाश रहा था। बाइक दिखी तो शुरू किया पीछा जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन कालूराम ने विठला, जया और उनकी बच्ची को मोटरसाइकिल पर जाते हुए देख लिया। पुरानी रंजिश के चलते उसने स्कूल बस से उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसने जान से मारने की नीयत से बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इससे मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नहीं, हत्या की कोशिश निकली शुरुआत में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन सदर थाना पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो घटना के पीछे पुरानी रंजिश और सुनियोजित साजिश सामने आ गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी कालूराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बस से टक्कर लापरवाही में नहीं, बल्कि पूर्व पत्नी और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की नीयत से मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम की रही अहम भूमिका मामले का खुलासा करने और आरोपी तक पहुंचने में सदर थाने के एएसआई रमेशचन्द्र, हेड कांस्टेबल अनिल तथा कांस्टेबल विजयलाल, भरतलाल, टिंकार सिंह, अंकित और पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation कुवैत से व्हाट्सऐप पर भेजा तीन तलाक का नोटिस, पीड़िता पहुंची थाने; पति पर प्रताड़ना के आरोप कूलर की पिन निकालते समय करंट लगने से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित