जयपुर, 18 अक्टूबर। जयपुर के माणक चौक इलाके में ई-रिक्शा से सफर कर रहे ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से करीब दो करोड़ रुपये के हीरे-जवाहरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने गुजरात निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुए हीरे-जवाहरात बरामद करने का दावा किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने कारोबारी के कर्मचारी की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी कारोबारी ने 15 अक्टूबर को माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी अलग-अलग व्यापारियों को आभूषणों के सैंपल दिखाने और कारोबार के सिलसिले में यात्रा करता है। घटना वाले दिन दोपहर करीब तीन बजे वह ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की तरफ जा रहा था। उसके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें पन्ना, माणक और हीरे-जवाहरात रखे हुए थे। इसी दौरान पैकेट चोरी हो गए। 200 कैमरों के फुटेज से संदिग्ध तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए माणक चौक थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर ई-रिक्शा में परिवादी के साथ सफर कर रही एक महिला संदिग्ध के रूप में सामने आई। पुलिस ने फुटेज की मदद से महिला के ई-रिक्शा से उतरने की जगह का पता लगाया और उसके संभावित ठिकाने तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार, कार्रवाई में माणक चौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया की टीम ने अहम भूमिका निभाई। 13 पैकेट में रखे थे कीमती रत्न पुलिस के मुताबिक, चोरी हुए माल में 11.52 कैरेट के दो पन्ने और 144.60 कैरेट के चार पन्ने शामिल थे। इसके अलावा 11 अन्य पैकेटों में कुल 942.52 कैरेट के पन्ने रखे हुए थे। कारोबारी ने चोरी हुए हीरे-जवाहरात की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई है। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला वारदात के बाद मुख्य बाजार की गलियों से निकलकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही थी। वह रास्ते में ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा बदलती रही, ताकि पुलिस उसकी गतिविधियों का पता नहीं लगा सके। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। रेकी कर चुनती थी शिकार, दूसरी वारदातों की भी जांच पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी महिला कथित तौर पर मुख्य बाजार में घूमकर ऐसे व्यापारियों की पहचान करती थी, जिनके पास कीमती सामान होता था। इसके बाद वह उनके पीछे लगकर उनके साथ वाहन में सफर करती और मौका मिलते ही सामान लेकर फरार हो जाती थी। वारदात के बाद वाहन बदलना भी उसकी कथित कार्यप्रणाली का हिस्सा बताया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या आरोपी ने जयपुर या अन्य शहरों में इसी तरीके से पहले भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जयपुर–सवाई माधोपुर रेलखंड पर 7.30 घंटे का मेगा ब्लॉक, ट्रैक से सिग्नलिंग तक हुए बड़े अनुरक्षण कार्य