24 News Update मथुरा/पालवल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का गुरुवार को सातवां दिन रहा। यात्रा हरियाणा से होते हुए अब उत्तर प्रदेश में दाखिल हो चुकी है। इसी दौरान मथुरा पहुंचने से पहले यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर शास्त्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने पर वे सड़क पर ही लेट गए।
आसपास मौजूद भक्तों ने गमछे से हवा की और उन्हें संभाला। थोड़ी देर बाद वे उठे और अचार-पराठा खाकर कुछ राहत महसूस की। गौरतलब है कि बुधवार को भी उन्हें बुखार आने पर डॉक्टरों ने चेकअप कर दवा दी थी, जिसके बाद उन्होंने थोड़ी देर आराम कर फिर यात्रा शुरू की थी।
इस दौरान होडल में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा — “दिल्ली ब्लास्ट एक आतंकवादी हमला था। हमारी पदयात्रा को भी निशाना बनाकर हिंदुओं को डराने की कोशिश की गई है। हम मौलवियों से कहते हैं कि मदरसे में बच्चों को डॉ. कलाम बनाओ, डॉ. मुल्ला नहीं। वरना पूरी कौम को दिक्कत होगी।”
मथुरा में 55 किलोमीटर की यात्रा चार दिन में पूरी की जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। एएसपी अनुज चौधरी खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जबकि बम निरोधक दस्ते और भारी पुलिस बल को भी यात्रा में लगाया गया है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु हनुमान वेशभूषा, सीता-राम की झांकी, और 108 फीट लंबे तिरंगे के साथ चल रहे हैं। शास्त्री ने कहा — “यह एक वैचारिक यात्रा है, हिंदू एकता का संदेश है। देश में दंगा नहीं, गंगा चाहिए; बम नहीं, नारियल चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि 16 नवंबर को वृंदावन में ‘महा हिंदू सम्मेलन’ होगा और वहीं से ‘सनातन एकता यात्रा 3.0’ की घोषणा की जाएगी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.