जयपुर, 16 दिसंबर। राजस्थान सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में विशेष स्वच्छ कार्यालय अभियान का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चले एक घंटे के इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित कार्य वातावरण को सुदृढ़ करना रहा। अभियान की सबसे प्रभावी और प्रेरक झलक उस समय देखने को मिली जब महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा स्वयं अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ झाड़ू थामकर सफाई कार्य में जुटे। डीजीपी की इस सक्रिय भागीदारी ने मुख्यालय के समस्त कार्मिकों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। स्वच्छता अभियान के समापन के तुरंत बाद डीजीपी शर्मा ने पुलिस मुख्यालय के द्वितीय तल का स्वयं निरीक्षण किया। वहीं, अन्य तलों के निरीक्षण की जिम्मेदारी विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई। निरीक्षण के दौरान न केवल स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया गया, बल्कि कार्यालयों के रखरखाव और कार्यक्षमता का भी आकलन किया गया। ग्राउंड एवं प्रथम तल पर एडीजी आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण डॉ. प्रशाखा माथुर, तृतीय तल पर डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल, चतुर्थ तल पर डीजी प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल, पाँचवें तल पर एडीजी सतर्कता एस. संगाथिर, छठे तल पर एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार तथा सातवें तल पर एडीजी पुलिस हाउसिंग भूपेन्द्र साहू ने निरीक्षण किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह अभियान केवल पीएचक्यू तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेशभर की सभी पुलिस इकाइयों में अनिवार्य सहभागिता के साथ संचालित किया गया, जिससे संपूर्ण पुलिस बल को स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित कार्य संस्कृति का सशक्त संदेश दिया गया। कारागार विभाग में भी चला स्वच्छता का विशेष अभियान राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर कारागार विभाग में भी मंगलवार को विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। महानिदेशक कारागार अशोक कुमार राठौड़ के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी जेलों में अधिकारियों एवं कार्मिकों ने श्रमदान कर कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई की। जयपुर स्थित कारागार मुख्यालय में यह अभियान उपमहानिरीक्षक मोनिका अग्रवाल, अधीक्षक महेशचंद बैरवा एवं उपाधीक्षक एवं नोडल अधिकारी रमाकांत शर्मा की देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस दौरान कार्यालय कक्षों, बाहरी व आंतरिक अहातों, पत्रावलियों तथा कार्यालय सामग्री की विस्तृत सफाई सुनिश्चित की गई। स्वच्छता अभियान के माध्यम से पुलिस एवं कारागार विभाग ने प्रशासनिक कार्यस्थलों को सुव्यवस्थित रखने के साथ-साथ स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का स्पष्ट संदेश दिया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation युवा संसद की नेता प्रतिपक्ष हिमानी श्रीमाली का उदयपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत, बालिकाओं पर अत्याचार का विषय उठाया था सदन में शहर में हुई शाही शादी के फायदे ना नुकसान की जानकारी प्रशासन को!!!