24 News Update उदयपुर। केंद्र सरकार द्वारा बजट में गुटखा, सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर कर वृद्धि के बाद उदयपुर में इनकी कालाबाजारी और अवैध बिक्री में तेज़ी आने का आरोप लगाया गया है। इस मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन प्रांत संगठन मंत्री राकेश पालीवाल एवं जिला अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा के नेतृत्व में सौंपा गया। संगठन ने बताया कि कर वृद्धि और आपूर्ति में कमी का लाभ उठाकर कई व्यापारी गुटखा, सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों को अंकित मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेच रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है।
संगठन ने मांग की कि ऐसे व्यापारियों को चिह्नित कर उनकी दुकानों पर छापे डाले जाएं तथा अंकित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हरीशंकर तिवारी, करण सिंह कटारिया, फतेहलाल पारिक और संगीता जैन भी उपस्थित रहे। संगठन के जिला मंत्री नारायण पंचोली ने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को भी प्रेषित की गई है, ताकि राज्य स्तर पर निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उदयपुर में गुटखा-सिगरेट की कालाबाजारी पर रोक की मांग, ग्राहक पंचायत ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Advertisements
