Site icon 24 News Update

बिना चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 65 हजार से अधिक सिगरेट और 11 हुक्के जब्त

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उदयपुर में सचित्र स्वास्थ्य चेतावनी के बिना तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सिगरेट और तंबाकू जब्त किया है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 3260 पैकेट सिगरेट, 60 पैकेट तंबाकू और 11 हुक्के बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर जिलेभर में बिना स्वास्थ्य चेतावनी वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रतापनगर थानाधिकारी की टीम और डीएसटी ने ड्रग इंस्पेक्टर के सहयोग से यह कार्रवाई की।
गुप्त सूचना पर छापा
पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति बिना सचित्र चेतावनी वाले सिगरेट और तंबाकू उत्पादों का अवैध भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने आदर्श नगर, ई-ब्लॉक पायड़ा निवासी मुकेश (पुत्र सुजानमल) के ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को विभिन्न ब्रांड के 3260 पैकेट यानी करीब 65,200 सिगरेट, 60 पैकेट तंबाकू और 11 हुक्के मिले, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
कोटपा एक्ट में मामला दर्ज
इस मामले में प्रतापनगर थाने में प्रकरण संख्या 154/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट 2003 (COTPA Act) की धारा 07/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार सचित्र स्वास्थ्य चेतावनी के बिना तंबाकू उत्पादों का उत्पादन, भंडारण और बिक्री कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version