उदयपुर। उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने रविवार को शक्ति नगर स्थित झूलेलाल भवन पहुंचकर सिंधी समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी वर्षों पुरानी समस्याएं सुनीं। इस दौरान समाज की ओर से सांसद को ज्ञापन सौंपकर भूपाल हाउसिंग सोसायटी, प्रतापनगर के 396 वंचित परिवारों को भूखंड आवंटित कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। समाज के प्रमुख प्रताप राय चुग, प्रतापनगर पंचायत अध्यक्ष उमेश मनवानी, विक्की राजपाल, सुरेश साधवानी और नीरज ने सांसद को बताया कि वर्ष 1948 में विभाजन के बाद सिंधी समाज के पुनर्वास के लिए तत्कालीन महाराणा भूपाल सिंह ने करीब 548 बीघा भूमि उपलब्ध कराई थी। समय के साथ भूमि पर अतिक्रमण और अन्य विवादों के कारण आज भी 396 पात्र परिवार अपने वैधानिक भूखंडों से वंचित हैं। प्रताप राय चुग ने कहा कि समाज कई वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और अब इस समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। उमेश मनवानी ने बताया कि यूडीए द्वारा करीब 49 लोगों को पट्टे जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अवैध कब्जों के कारण उन्हें आज तक वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका। वहीं विक्की राजपाल ने नामांतरण सहित अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने कहा कि समाज ने सांसद से मिलने का समय मांगा था, लेकिन सांसद स्वयं झूलेलाल भवन पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने आए, जो समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिचायक है। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि 396 वंचित परिवारों को उनका अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही उदयपुर संभागीय आयुक्त, यूडीए अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। यदि स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे स्वयं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से समय लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात करेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे। बैठक के दौरान आगामी नगर निगम चुनाव का मुद्दा भी उठा। हरीश राजानी ने सांसद से आग्रह किया कि जवाहर नगर, सेक्टर-4, सेक्टर-8, सेक्टर-11, शक्ति नगर और प्रतापनगर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सिंधी समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्षद टिकट देने में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज का बड़ा वर्ग भाजपा से जुड़ा है और उचित प्रतिनिधित्व मिलने पर समाज पूरी एकजुटता से पार्टी का समर्थन करेगा। इस पर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने पर पार्टी के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान एवं प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में मनोहर गुरनानी, भोपाल मेहता, भारत खत्री, कैलाश डेमला, किशोर सिद्धवानी, हरीश सिद्धवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने सांसद का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रयासों से वर्षों पुराना भूखंड आवंटन का मामला जल्द सकारात्मक परिणाम तक पहुंचेगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation स्टंटबाजों पर एक्शन, खेरवाड़ा में 18 और बाघपुरा में 6 पावर बाइक जब्त, सार्वजनिक सड़कों पर जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान, एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, राष्ट्रीय रोल बॉल खेल पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान