24 News Update उदयपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचेंगे। वे सिंह विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स संस्थान के 104वें स्थापना दिवस के अवसर पर महाराणा प्रताप खेल मैदान में आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर संस्थान को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देने वाली नौ विभूतियों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। समारोह स्थल पर केंद्रीय एवं उदयपुर शहर के प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रक्षा मंत्री प्रातः 10 बजे नई दिल्ली से राजकीय विमान से रवाना होकर सुबह 11.10 बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, उदयपुर पहुंचेंगे, जहां संस्थान के अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात वे 11.30 बजे सीधे भूपाल नोबल्स संस्थान के महाराणा प्रताप खेल मैदान पहुंचेंगे। यहां वे सर्वप्रथम संस्थान परिसर में स्थापित महाराणा भूपाल सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, जिसके बाद एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। रक्षा मंत्री दोपहर 2 बजे समारोह स्थल से पुनः एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। सुरक्षा की दृष्टि से मंच के सामने 50 फीट का डी-घेरा बनाया गया है।समारोह की अध्यक्षता संस्थान के प्रधान संरक्षक एवं अध्यक्ष श्रीजी हुजूर महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ करेंगे। समारोह में महाराणी साहिबा श्रीमती महिमा कुमारी मेवाड़ उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ एवं समाजसेवी अनिल सिंह शामिल होंगे। अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया जाएगा।संस्थान के प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह राठौड़ ने बताया कि गुरुवार को एनएसजी कमांडो, केंद्रीय एवं शहर के प्रशासनिक अधिकारियों ने चिकित्सा, फायर ब्रिगेड सहित करीब 30 वाहनों के काफिले के साथ एयरपोर्ट से समारोह स्थल तक कॉरगेट काफिले का अभ्यास किया और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से जुड़ी तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा संस्थान के प्रशासनिक भवन में निर्मित फतह आर्ट गैलरी का लोकार्पण भी किया जाएगा। समारोह से पूर्व प्रातः 8 बजे देश में अमन-शांति के लिए हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेंगे।संयुक्त मंत्री राजेन्द्र सिंह ताणा ने बताया कि समारोह में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी, अकादमिक एवं गैर-अकादमिक कर्मचारी तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। सभी को मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही समारोह स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से आमजन का प्रवेश सेवाश्रम स्थित इनडोर स्टेडियम से होगा, जबकि बीएन संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का प्रवेश मुख्य मार्ग से रहेगा। वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी निर्धारित स्थलों पर की गई है। वित्त मंत्री शक्ति सिंह कारोही, रजिस्ट्रार डॉ. एन.एन. सिंह, डॉ. चेतन सिंह, प्रो. रेणु राठौड़, डॉ. युवराज सिंह राठौड़, कुलदीप सिंह ताल, महेन्द्र सिंह पाटिया, करण सिंह उमरी, हनुमंत सिंह बोहेड़ा एवं प्रो. माधवी राठौड़ ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जयपुर में नकली होलोग्राम शराब सीज, 4 गिरफ्तार; उदयपुर में बिना लाइसेंस पार्टी पर एक पकड़ा थाना गोवर्धनविलास की बड़ी कार्यवाही, धोखाधड़ी से अर्जित 60 लाख से मकान कुर्क, आरोपी ने जमीन से सोना निकालने का झांसा देकर किया हड़प