उदयपुर। शहर की ऐतिहासिक पहचान गुलाब बाग को फिर से उसकी पुरानी खूबसूरती लौटाने की दिशा में नगर निगम ने अभिनव पहल की है। वर्षों से उपेक्षा और मौसम की मार झेल रही सजावटी उद्यान प्रतिमाओं (गार्डन स्कल्पचर्स) का पुनरुद्धार कर उन्हें नया जीवन दिया गया है। मरम्मत और आकर्षक रंग-रोगन के बाद शेर, बाघ, पनिहारिन सहित विभिन्न थीम आधारित प्रतिमाएं अब पहले की तरह जीवंत नजर आने लगी हैं। इनका नया स्वरूप पर्यटकों और शहरवासियों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बन गया है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देशन में चलाए गए इस सौंदर्यीकरण अभियान के तहत उद्यान में स्थापित पुरानी और क्षतिग्रस्त सजावटी प्रतिमाओं की मरम्मत कर उन्हें प्राकृतिक रंगों के अनुरूप सजाया गया। समय के साथ इन प्रतिमाओं का रंग फीका पड़ गया था और कई स्थानों पर टूट-फूट भी हो गई थी, जिससे उनकी आकर्षक पहचान लगभग समाप्त हो चुकी थी। अब पुनर्संरक्षण के बाद ये प्रतिमाएं गुलाब बाग की विरासत को फिर से जीवंत करती दिखाई दे रही हैं। इस कार्य में नगर निगम के अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल और कनिष्ठ अभियंता मोनिका चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तकनीकी टीम ने प्रतिमाओं की मूल संरचना को सुरक्षित रखते हुए उनका सौंदर्यीकरण किया, जिससे उनका पारंपरिक स्वरूप भी बरकरार रहा। गुलाब बाग लंबे समय से प्राकृतिक हरियाली के साथ-साथ अपनी सजावटी उद्यान प्रतिमाओं के लिए भी प्रसिद्ध रहा है। नए रंग-रूप में तैयार की गई ये प्रतिमाएं अब बच्चों, युवाओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। विशेष रूप से राजस्थानी लोकजीवन को दर्शाने वाली पनिहारिन की प्रतिमा और वन्य जीवों की प्रतिमाओं के साथ लोग सेल्फी और फोटोग्राफी करते नजर आ रहे हैं। उद्यान में नियमित भ्रमण करने वाले वरिष्ठ नागरिकों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि वर्षों बाद गुलाब बाग का वही पुराना आकर्षण लौटता दिखाई दे रहा है, जिसके लिए यह उद्यान कभी पूरे मेवाड़ में प्रसिद्ध था। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण निगम की प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे, ताकि उदयपुर की सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को और अधिक समृद्ध बनाया जा सके। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation खेरवाड़ा पुलिस ने 7 आबकारी मामलों का किया निस्तारण, 1017 लीटर अंग्रेजी शराब कराई नष्ट सिन्धी समाज का यूपीएससी मार्गदर्शन शिविर कल, प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेगा सफलता का मंत्र