उदयपुर। देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवाओं का सपना देख रहे युवाओं के लिए रविवार का दिन खास रहने वाला है। एसएसडी उदय अकादमी, नागपुर (राजस्थान शाखा) की ओर से उदयपुर में यूपीएससी मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त होगा। अकादमी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व राज्य मंत्री हरीश राजानी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा, प्रभावी रणनीति और प्रेरणा प्रदान करना है, ताकि वे संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें। शिविर में परीक्षा की तैयारी की रणनीति, अध्ययन की प्रभावी पद्धति, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, इंटरव्यू की तैयारी तथा प्रशासनिक सेवाओं की कार्यशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी मुख्य मार्गदर्शक के रूप में मौजूद रहेंगी, जबकि राजसमंद जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा मुख्य अतिथि होंगे। दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपने अनुभव साझा करते हुए अभ्यर्थियों को सिविल सेवा की चुनौतियों, तैयारी के व्यावहारिक पहलुओं और प्रशासनिक जीवन के अनुभवों से रूबरू कराएंगे। हरीश राजानी ने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रहित के प्रति समर्पित और योग्य प्रशासनिक अधिकारियों की आवश्यकता पहले से अधिक है। ऐसे में यह शिविर युवाओं के भीतर आत्मविश्वास, लक्ष्य के प्रति स्पष्टता और बेहतर तैयारी की सोच विकसित करने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में केवल उदयपुर ही नहीं, बल्कि चित्तौड़गढ़, राजसमंद तथा मध्य प्रदेश के कटनी सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भाग लेने पहुंच रहे हैं, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक मंच बन गया है। अकादमी की सचिव डॉ. दीपमाला चौधरी ने बताया कि अब तक 90 से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। प्रतिभागियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है, क्योंकि उन्हें अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करने का अवसर मिलेगा। उदयपुर इकाई की अध्यक्ष शांता किशनानी ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना भी है। शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप छतवानी, उपाध्यक्ष लज्जा रामेजा, सचिव भारत पाहुजा, संगठन सचिव विष्णु मोटवानी, ज्ञानेंद्र ज्ञानी, कमलेश आहूजा, राजेश तलदार सहित अकादमी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई है। अकादमी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अधिक से अधिक युवाओं से इस मार्गदर्शन शिविर में भाग लेकर अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation गुलाब बाग की ‘सजावटी उद्यान प्रतिमाओं’ को मिला नया जीवन, रंग-रोगन के बाद फिर बनीं आकर्षण का केंद्र