उदयपुर, 1 अक्टूबर। राजस्थान विद्यापीठ के लोकमान्य तिलक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गुरुवार को नवागंतुक छात्र-अध्यापकों का स्नेह मिलन समारोह उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच आयोजित हुआ। बीएड, बीएड-बाल विकास और डीएलएड के विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राजस्थानी, पंजाबी, गुजराती गरबा, रिमिक्स और भक्ति गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

समारोह की शुरुआत गणपति वंदना से हुई। इसके बाद एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। विद्यार्थियों ने नृत्य और संगीत के जरिए देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को मंच पर उतारा। राजस्थानी और गुजराती गरबा नृत्य के साथ रामभक्ति पर आधारित सेमी-क्लासिकल प्रस्तुति, कॉमेडी एक्ट-कम-डांस सहित कई कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ‘झांसी की रानी’ नाट्य प्रस्तुति कार्यक्रम का खास आकर्षण रही। प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने अभिनय के जरिए वीरता और देशभक्ति का प्रभावी चित्रण किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

‘संस्कृति से जुड़ाव मन को देता है सुकून’

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मंजू मंडोत ने कहा कि स्नेह मिलन जैसे आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में प्रयास तभी सार्थक होंगे, जब सभी आपसी प्रेम और सहयोग के साथ शिक्षक होने के उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

प्रो. मंडोत ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर देते हैं और इससे मन को विशेष सुकून मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गर्ग ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करने के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे से परिचित होने और संवाद करने का अवसर मिलता है, जिससे उनमें समन्वय, सहयोग और टीम भावना विकसित होती है।

उन्होंने विद्यार्थी जीवन में खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व के साथ भावी शिक्षक के रूप में इनकी उपयोगिता को भी रेखांकित किया।

‘90 के दशक पश्चात राजस्थान में मतदान व्यवहार प्रवृत्तियां’ का विमोचन

समारोह के दौरान डॉ. रजनी धाबाई द्वारा लिखित पुस्तक ‘90 के दशक पश्चात राजस्थान में मतदान व्यवहार प्रवृत्तियां’ का अतिथियों ने विमोचन किया।

कार्यक्रम में प्रो. बलिदान जैन, प्रो. रचना राठौड़, प्रो. भूरालाल श्रीमाली, प्रो. अमी राठौड़, डॉ. सरिता मेनारिया, डॉ. पुनीत पांड्या, डॉ. हरीश मेनारिया, डॉ. अमित दवे, डॉ. अमित बाहेती, डॉ. पल्लव पांडे, डॉ. तिलकेश आमेटा, डॉ. सुभाष पुरोहित, डॉ. रेनू हिंगड़, डॉ. रोमा, डॉ. इंदु आचार्य, डॉ. नीतू व्यास एवं डॉ. शीतल चुग सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरीश चौबीसा एवं रेनू शेखावत ने किया। अंत में प्रो. रचना राठौड़ ने आभार व्यक्त किया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading