24 News Update उदयपुर/ऋषभदेव। ऋषभदेव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गडावत के तत्कालीन सरपंच रूपलाल मीणा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सरकारी योजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं, राजकीय राशि के दुरुपयोग और पद का दुरुपयोग करने के आरोपों के बाद उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पंचायत समिति ऋषभदेव के विकास अधिकारी पंकज कुमार आर्य की ओर से दिए गए परिवाद और जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।मामला तब सामने आया जब खेरवाड़ा क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी और ग्राम पंचायत गडावत के ग्रामीणों ने 29 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन को शिकायत भेजकर तत्कालीन सरपंच रूपलाल मीणा पर विभिन्न योजनाओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देश पर गठित जांच समिति ने पूरे मामले की जांच की। जांच में सामने आईं तीन बड़ी अनियमितताएं जांच रिपोर्ट के अनुसार तत्कालीन सरपंच रूपलाल मीणा, निवासी बिलख पाल, पंचायत समिति ऋषभदेव, प्रथम दृष्टया कई मामलों में दोषी पाए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन में 4.81 लाख रुपए की अनियमितता जांच में पाया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्यों में अनियमित व्यय हुआ। इस मामले में 4 लाख 81 हजार 155 रुपए की आनुपातिक वसूली राशि राजकोष में जमा करवाने के लिए कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन आरोप है कि रूपलाल मीणा ने जानबूझकर वसूली प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया। इसके चलते उनके खिलाफ वसूली कार्रवाई अभी भी प्रक्रियाधीन है। पीएम आवास योजना में अपात्रों को लाभ, 22 लाख से अधिक की वसूली प्रस्तावित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2015 से 2020 के बीच स्वीकृत 38 आवासों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इनमें से 16 अपात्र व्यक्तियों को नियमों के विपरीत लाभ पहुंचाया गया। रिपोर्ट में कुल 22 लाख 6 हजार 560 रुपए की वसूली योग्य राशि का उल्लेख किया गया है। जांच समिति ने माना कि तत्कालीन सरपंच ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए योजना के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताएं कीं। विधायक मद से स्वीकृत सामुदायिक भवन निजी फार्म हाउस में बनाने का आरोप जांच रिपोर्ट में सबसे गंभीर आरोप स्थानीय विधायक मद से स्वीकृत सामुदायिक भवन को लेकर सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत गडावत के कलावत फला क्षेत्र में स्वीकृत सामुदायिक भवन का निर्माण सार्वजनिक उपयोग के बजाय तत्कालीन सरपंच के निजी फार्म हाउस की बाउंड्रीवाल के भीतर करा लिया गया। इस निर्माण पर करीब 5 लाख रुपए खर्च किए गए थे। जांच समिति ने इस राशि की आनुपातिक वसूली और पद के दुरुपयोग का मामला माना है। राजकीय राशि के गबन और पद के दुरुपयोग का आरोप विकास अधिकारी पंकज कुमार आर्य ने अपने परिवाद में आरोप लगाया कि तत्कालीन सरपंच रूपलाल मीणा ने अपने पद पर रहते हुए सरकारी धन का दुरुपयोग किया, राजकीय राशि का गबन एवं अपहरण किया तथा गंभीर वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया। इसी आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की गई। जांच के बाद दर्ज हुआ मामला परिवाद मिलने के बाद मामले की जांच सउनि रमेशचन्द्र को सौंपी गई। जांच अधिकारी ने परिवादी पंकज कुमार आर्य के बयान दर्ज किए तथा शिकायत के साथ संलग्न जांच रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज करने की अनुशंसा की गई। इसके बाद तत्कालीन सरपंच रूपलाल मीणा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में सचिव और एलडीसी पर भी आवास के पैसों में गबन का आरोप लगा है। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े इस मामले ने स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। जांच रिपोर्ट में करोड़ों नहीं, लेकिन लाखों रुपए की वित्तीय अनियमितताओं, अपात्रों को लाभ पहुंचाने और सार्वजनिक निर्माण को निजी उपयोग में लेने जैसे आरोप सामने आने के बाद मामले को गंभीर माना जा रहा है। अब पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पुरुषोत्तम मास मे खाटूश्याम कीर्तन कल होगा प्राकृतिक वातावरण में ग्रामीण महिलाओं ने किया ध्यान योग, हार्टफुलनेस संस्थान का आयोजन