गोगुंदा में दो रातों में चोरी हुई थीं दो बाइक, फुटेज से खुला राज; पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ले जाकर कराई वारदात की तस्दीक

24 News Update उदयपुर/गोगुंदा। गोगुंदा कस्बे में लगातार दो बाइक चोरी होने के बाद पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने की चुनौती थी। मौके से कोई बड़ा सुराग हाथ नहीं लगा, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने जांच की दिशा बदल दी। फुटेज में बाइक ले जाते एक युवक की पहचान उसकी एक खास शारीरिक पहचान से हुई। पुलिस ने इसी सुराग को आधार बनाया और रात की गश्त व नाकाबंदी के दौरान संदिग्धों पर नजर रखना शुरू किया।
शनिवार को पुलिस को उस समय सफलता मिली, जब सूरण कट पर एक ही बाइक पर सवार तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी की और सीसीटीवी फुटेज में नजर आए कटे हाथ वाले संदिग्ध युवक को पहचान लिया। इसके बाद तीनों को मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में गोगुंदा कस्बे से चोरी हुई दोनों बाइक के मामले में अहम जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी की बाइक भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश (19) पुत्र चुनाराम गरासिया, निवासी तेजावास (बूझ का फला), विकास (22) पुत्र लकाराम गरासिया, निवासी बांकावास फली (कालिया पानी, थाना बेकरिया) और माधु (21) पुत्र पुनाराम गरासिया, निवासी मालेरा (विरावत फली, थाना पिंडवाड़ा, जिला सिरोही) के रूप में हुई है।

दो रातों में गायब हुईं दो बाइक
पुलिस के अनुसार, गोगुंदा कस्बे में 2 और 3 अगस्त की रात दो अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी होने की शिकायतें सामने आई थीं। एक बाइक सरिया देवी मंदिर के सामने से गायब हुई, जबकि दूसरी बाइक पास की एक गली से चोरी हो गई। मामले में बाइक मालिक रमन पुत्र रोहतास मेघवाल, निवासी हरियाणा, हाल सरिया देवी मंदिर, गोगुंदा तथा दिलीप पुत्र प्यारचंद प्रजापत, निवासी गोगुंदा ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास के दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई। फुटेज को बारीकी से खंगालने के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक बाइक ले जाते दिखाई दिया। उसकी एक खास पहचान उसके कटे हुए हाथ के रूप में सामने आई। पुलिस ने इसी शारीरिक पहचान को जांच का अहम सुराग बनाया और संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी।
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संभावित संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही रात में गश्त और नाकाबंदी तेज कर दी। पुलिस टीम रात्रि गश्त के दौरान सूरण कट क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस की नजर जैसे ही उनमें से एक युवक पर पड़ी, सीसीटीवी फुटेज में दिखी शारीरिक पहचान से उसका मिलान किया गया।
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों युवकों को रोक लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच में तीनों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उनसे चोरी की बाइक के संबंध में पूछताछ शुरू की।

निशानदेही पर दोनों चोरी की बाइक बरामद
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने चोरी की गई दोनों बाइक बरामद कर लीं। पुलिस का कहना है कि तीनों से अभी विस्तृत पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान गोगुंदा और आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को गोगुंदा कस्बे के प्रमुख रास्तों और उन स्थानों पर लेकर पहुंची, जहां से बाइक चोरी हुई थीं। आरोपियों से घटनास्थल की तस्दीक कराई गई और वारदात के दौरान उनके आने-जाने के रास्तों तथा घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली गई।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर पैदल ले जाकर मौके का मुआयना भी कराया। इस दौरान जांच टीम ने घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज में सामने आए तथ्यों का आपस में मिलान किया।

रिमांड पर आरोपी, पुराने मामलों की भी खुलेगी परत
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड अवधि में आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों ने इससे पहले भी वाहन चोरी की कोई वारदात की है या नहीं। साथ ही चोरी की बाइक को कहां ले जाया जाता था और इस गिरोह में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस के हाथ दो चोरी की बाइक और सीसीटीवी फुटेज के रूप में अहम सुराग लगे हैं। आरोपियों से पूछताछ पूरी होने के बाद ही चोरी की अन्य वारदातों को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading