24 News Update सलूंबर। सलूंबर जिले की ईसरवास पंचायत के मानपुरा क्षेत्र में चल रहे एनिकट निर्माण कार्य के दौरान बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोधसागर तालाब के समीप निर्माण स्थल पर अचानक पत्थरों का भारी हिस्सा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक ऊपर से पत्थर खिसक कर नीचे आ गिरे। चीख-पुकार मचते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और अन्य मजदूर मौके पर दौड़े। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। घायलों को तत्काल सलूंबर जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां इलाज के दौरान झल्लारा थाना क्षेत्र के जेतेला फला निवासी प्रभुलाल मीणा (45) और कचरा मीणा (32) ने दम तोड़ दिया। हादसे में थावरा मीणा (45), गौतम मीणा (50) और प्रभु मीणा (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। सभी मजदूर लांबी डूंगरी के पास स्थित जेतेला फला गांव के रहने वाले बताए गए हैं। सलूंबर थानाधिकारी हेमंत चौहान ने बताया कि दोनों मृतक मजदूरों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर अवधेश मीना, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, डिप्टी एसपी हेरम्भ जोशी और तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।इस हादसे के बाद एनिकट निर्माण कार्य को लेकर विभागीय जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जल संसाधन विभाग और जल ग्रहण योजना विभाग—दोनों के अधिकारियों ने इस निर्माण कार्य से अपने-अपने विभाग का कोई संबंध होने से इनकार किया है। ऐसे में यह निर्माण किस एजेंसी के अधीन हो रहा था, यह जांच का अहम बिंदु बन गया है।हादसे ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। अब प्रशासन के सामने न केवल मृतक मजदूरों के परिजनों को न्याय दिलाने की चुनौती है, बल्कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की भी जरूरत है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation पेंशनर समाज ने हर्षोल्लास के साथ मनाया गणतंत्र दिवस नाबालिग पुत्री को सुपुर्द कराने की मांग को लेकर तीन जनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज