— झालावाड़ पुलिस ने बिहार में 1500 किलोमीटर दूर दबिश देकर अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 6 आरोपी पकड़े, दो बालक और एक बालिका भी निरुद्ध

जयपुर। पुराने और दुर्लभ सिक्के लाखों रुपए में खरीदने का लालच देकर एक महिला को साइबर ठगी के जाल में फंसाया गया। शुरुआत छोटी रकम से हुई और फिर ठगों ने ऐसा शिकंजा कसा कि महिला से लगातार पैसे ऐंठने लगे। जब महिला ने रकम देने में असमर्थता जताई तो एआई से तैयार डरावने फोटो-वीडियो, फर्जी पुलिस नोटिस और बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने की धमकियां देकर ब्लैकमेल किया गया। लगातार आर्थिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना से परेशान 56 वर्षीय महिला ने आत्महत्या कर ली। मामले की जांच में झालावाड़ पुलिस ने बिहार तक फैले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो बालक और एक बालिका को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, झालावाड़ की सुभाष कॉलोनी निवासी मधुबाला ठाकुर की आत्महत्या के मामले में उनकी पुत्री कल्पना ठाकुर ने 1 नवंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुरुआत में आत्महत्या के लिए उकसाने के पहलू पर जांच शुरू की। मृतका का मोबाइल फोन खंगालने पर ठगी, धमकी और ब्लैकमेलिंग का पूरा नेटवर्क सामने आने लगा। बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल के तकनीकी विश्लेषण ने पुलिस को बिहार तक पहुंचा दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द्र मीणा के निर्देशन और डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया। पुलिस ने करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार में तीन टीमें भेजीं। 6 नवंबर को बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया में स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई में मुख्य आरोपी अजीत यादव सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ऐसे बिछाया ठगी और ब्लैकमेलिंग का जाल
जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के और दुर्लभ नोट लाखों रुपए में खरीदने के विज्ञापन डालता था। इसी झांसे में मधुबाला भी आ गईं। आरोपियों ने ‘RJGYANI OLD COIN COMPANY’ के नाम से उनसे संपर्क किया। शुरुआत में छोटी रकम वसूली और फिर रजिस्ट्रेशन, अन्य खर्चों तथा अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे मांगने लगे।
जब महिला ने और रकम देने से इनकार किया तो ठगों ने डराने का खेल शुरू कर दिया। व्हाट्सएप पर एआई से तैयार पुलिसकर्मियों द्वारा युवक की पिटाई के वीडियो, दुर्घटनाग्रस्त कार, घायल व्यक्ति की तस्वीरें और अस्पताल के फर्जी बिल भेजे गए। इनका इस्तेमाल इलाज और दूसरे बहानों से रकम वसूलने के लिए किया गया।

दिल्ली पुलिस के नाम से भेजा फर्जी नोटिस
ठगों ने हद पार करते हुए झालावाड़ पुलिस थाने की एआई से तैयार तस्वीर भेजी। इसमें महिला पुलिसकर्मियों के सामने 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां रखी दिखाई गईं। इसके अलावा दिल्ली पुलिस के नाम से फर्जी लेटरहेड और नोटिस तैयार कर महिला का नाम, पता और फोटो लगाकर भेजा गया। नोटिस में 5.50 लाख रुपए जब्त होने की झूठी जानकारी दी गई। महिला को धमकाया गया कि उनके बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसा दिया जाएगा और उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी अजीत यादव और दो नाबालिगों पर वॉयस कॉल और वॉयस नोट के जरिए धमकाने के आरोप सामने आए हैं।

तीन बैंक खातों में पहुंचे 3.76 लाख रुपए
पुलिस ने मृतका के एचडीएफसी और एसबीआई खातों की पड़ताल की तो ठगी की रकम के लेन-देन की कई कड़ियां सामने आईं। जांच के अनुसार, रंजू देवी के पीएनबी खाते में 64 ट्रांजेक्शन के जरिए 2 लाख 36 हजार 715 रुपए, सतीश कुमार के एसबीआई खाते में 24 ट्रांजेक्शन से 1 लाख 3 हजार 481 रुपए और मंजू देवी के खाते में 12 ट्रांजेक्शन से 36 हजार 501 रुपए ट्रांसफर हुए। खुशबू कुमारी के खाते में भी संदिग्ध लेन-देन मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि साइबर क्राइम पोर्टल पर सतीश के खाते के खिलाफ पहले से 13, मंजू के खाते के खिलाफ 9 और रंजू के खाते के खिलाफ 2 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार निवासी आरती कुमारी, मंजू देवी, मुख्य आरोपी अजीत कुमार, सतीश कुमार, रंजू देवी और खुशबू कुमारी शामिल हैं। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं। सभी को ट्रांजिट रिमांड पर झालावाड़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां छह आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। निरुद्ध किए गए दो बालक और एक बालिका को बाल संप्रेषण गृह में दाखिल कराया गया है।
झालावाड़ पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि पुराने सिक्के और नोट लाखों-करोड़ों में खरीदने के सोशल मीडिया विज्ञापनों के झांसे में न आएं। रजिस्ट्रेशन, जीएसटी, कूरियर या आरबीआई अप्रूवल के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें। पुलिस या अन्य जांच एजेंसियां व्हाट्सएप अथवा वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी नहीं करतीं और न ही केस खत्म करने के नाम पर ऑनलाइन पैसे मांगती हैं। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading