24 News Update जयपुर। विदेश में आगे की पढ़ाई का सपना पूरा करने के लिए लिया गया एजुकेशन लोन, पर्सनल लोन और दोस्तों से उधार लिए रुपए चुकाने का दबाव एक युवक को अपराध की राह पर ले गया। जयपुर के वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वेलर्स में दिनदहाड़े करीब 37 लाख रुपए के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने दिग्विजय सिंह (32) को गिरफ्तार किया है। हालांकि, लूटी गई ज्वेलरी अभी बरामद नहीं हुई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी करधनी क्षेत्र के देवी नगर का निवासी है। उसने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की थी और विदेश में आगे की शिक्षा के लिए करीब 30 लाख रुपए का एजुकेशन लोन लिया था। इसके अलावा लगभग 15 लाख रुपए का पर्सनल लोन और दोस्तों से भी उधार ले रखा था। वह पहले एक कॉर्पोरेट कंपनी में काम करता था और ओयो के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर प्रॉपर्टी सर्च का काम कर रहा था। करीब छह महीने पहले नौकरी छूटने के बाद वह बेरोजगार था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की योजना बनाई। उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, 10 नवंबर को शोरूम की ज्वेलरी कंसल्टेंट अंजली कायथ ने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10:15 बजे शोरूम खुलने के कुछ देर बाद करीब 10:30 बजे मास्क और पीली टोपी पहने एक युवक काला बैग लेकर अंदर आया। उसने बैग से चाकू निकालकर महिला कर्मचारी को धमकाया। सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता को भी पकड़कर रोक दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए सोने-हीरे के आभूषण बैग में भर लिए। इसके बाद वह फरार हो गया।स्टॉक जांचने पर शोरूम से सात गले के हार और 31 अंगूठियां गायब मिलीं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना से आरोपी की पहचान हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह लूटा गया माल बेचने के लिए दिल्ली गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब ज्वेलरी बरामद करने के प्रयास में जुटी है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को मारने के बाद मंदिर गए थे चारों आरोपी, वारदात वाले दिन ही खरीदी कुल्हाड़ी