उदयपुर। बेकरिया थाना क्षेत्र में रविवार शाम उदयपुर-गोगुंदा नेशनल हाईवे पर स्कूली बच्चों से भरी बस पर अचानक पथराव से अफरा-तफरी मच गई। बस में जोधपुर के टैगोर पब्लिक स्कूल के 62 बच्चे और 10 स्टाफ सदस्य सवार थे। पथराव में बस के कांच टूट गए और ड्राइवर, एक शिक्षक तथा एक छात्र घायल हो गए। घटना बेकरिया थाने से करीब एक किलोमीटर दूर शाम करीब 4 बजे की बताई गई है। जानकारी के अनुसार स्कूल की दो बसें बच्चों को पिकनिक के लिए जोधपुर से उदयपुर ला रही थीं। हाईवे पर बेकरिया के पास पहुंचने के दौरान एक बस को अचानक कुछ लोगों ने पत्थरों से निशाना बनाया। पथराव इतना अचानक हुआ कि बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बस के कांच टूटने के बाद बच्चे डरकर सीटों से नीचे बैठ गए। इस दौरान ड्राइवर जसवंत सिंह ने घबराने के बजाय बस को आगे बढ़ाया। उसने तेज गति से बस को घटनास्थल से निकाला और कुछ दूरी पर एक होटल के पास रोक दिया। होटल संचालक ने बस में सवार बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर बैठाया। पथराव में ड्राइवर जसवंत सिंह, शिक्षक योगेश और शिक्षक के पुत्र पार्थ के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया है। शिक्षक योगेश की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पथराव करने वालों की पहचान नहीं हो सकी है और घटना के पीछे का कारण भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। थाने के पास वारदात ने उठाए सवाल जिस जगह बस पर पथराव हुआ, वह बेकरिया थाने से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। दिनदहाड़े हाईवे पर बच्चों से भरी बस को निशाना बनाए जाने की घटना ने हाईवे की सुरक्षा और पुलिस निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का फोकस पथराव करने वालों की पहचान और घटना के कारण का पता लगाने पर है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation जामुन का पेड़’ ने हंसाते-हंसाते प्रशासनिक व्यवस्था पर कसा तंज हम साथ—साथ हैं : लोकार्पण समारोह में साथ दिखे जैन—सिंघवी, नेहरू हॉस्टल के पास खुली सर्विस लेन का लोकार्पण, यूडीए ने जमीन अधिग्रहित कर निकाला रास्ता