24 News Update चित्तौड़गढ़। जिला परिषद की राजनीति में बुधवार को 21 साल पुराना इंतजार खत्म हो गया। लंबे समय से जिला प्रमुख की कुर्सी से दूर रही कांग्रेस ने इस बार ऐसी वापसी की कि भाजपा मुकाबले में काफी पीछे रह गई। जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की रतनी देवी जाट ने भाजपा की तुलसी बाई को 21 मतों से पराजित कर दिया। रतनी देवी को 28 और तुलसी बाई को महज 7 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही जिला कलेक्ट्रेट कांग्रेस के जश्न का केंद्र बन गया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्सव मनाया।

इस चुनाव का परिणाम केवल जिला प्रमुख की कुर्सी पर बदलाव नहीं है, बल्कि जिला परिषद में पिछले 21 साल से कायम राजनीतिक स्थिति के बदलने का संकेत भी है। 35 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के सभी 28 सदस्य एकजुट रहे, जबकि भाजपा के खाते में आई सातों सीटों के बराबर ही उसे वोट मिले। इस तरह कांग्रेस ने अपने पूरे संख्याबल के साथ जीत दर्ज की। उदयपुर में जहां जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के खेमे में क्रॉस वोटिंग सामने आई, वहीं चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस अपने सभी सदस्यों को साथ रखने में सफल रही।

चुनाव के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा में रही। पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत हाथ थामकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोनों नेताओं की यह सार्वजनिक मौजूदगी कांग्रेस खेमे में एकजुटता का संदेश देती नजर आई। रतनी देवी के नामांकन के समय भी जाड़ावत मौजूद रहे। उन्होंने नामांकन पत्र की जांच तक करवाई, ताकि प्रक्रिया में कोई तकनीकी गलती न रह जाए। वहीं रतनी देवी के पति और पूर्व डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट को उदयलाल आंजना का करीबी माना जाता है।

भाजपा ने बदला प्रत्याशी, फिर भी नहीं बदला नतीजा

जिला परिषद में भाजपा के पास केवल सात सदस्य थे। पार्टी ने पहले विधायक की पत्नी सुशीला कंवर को प्रत्याशी बनाने की तैयारी की थी, लेकिन बाद में वार्ड 14 से निर्वाचित तुलसी बाई को उम्मीदवार बनाया। भाजपा की जिला परिषद में सभी सात सीटों पर महिला प्रत्याशी जीती थीं। इनमें आरक्षित वार्डों के साथ सामान्य वर्ग की सीटों से जीतकर आई महिलाएं भी शामिल थीं। इसके बावजूद पार्टी अपने सात मतों के आंकड़े से आगे नहीं बढ़ सकी। दूसरी तरफ कांग्रेस ने 28 मत हासिल कर जिला परिषद में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी।

आंजना बोले- अच्छे उम्मीदवार उतारे, जनता ने चुना

जीत के बाद पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि 21 साल का अंतराल काफी लंबा होता है। पार्टी ने सभी ने मिलकर अच्छे उम्मीदवार मैदान में उतारे और जनता ने उन्हें चुना। उन्होंने इसे जनता का समर्थन बताते हुए कहा कि पहली बार इतना बड़ा समर्थन मिला है। वहीं पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने कार्यकर्ताओं और जिले की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि कांग्रेस को 28 और भाजपा को सात वोट मिले। जाड़ावत ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रति जनता में नाराजगी है। अशोक गहलोत सरकार की योजनाएं बंद किए जाने से भी लोगों में असंतोष है। उनके अनुसार मतदाताओं ने अपने वोट के जरिए सरकारों के प्रति नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इसे 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए भी राजनीतिक संदेश बताया।

बद्रीलाल बोले- जनता ने परीक्षा में कांग्रेस को 82 प्रतिशत अंक दिए

रतनी देवी के जिला प्रमुख बनने के बाद उनके पति बद्रीलाल जाट का बयान भी राजनीतिक चर्चा का विषय रहा। उन्होंने चुनाव से पहले जनता के सामने इसे हॉफ ईयरली परीक्षा बताते हुए कहा था कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपना एग्जाम दे दिया है, अब फैसला जनता को करना है। परिणाम आने के बाद उन्होंने कहा कि जनता ने काम के आधार पर कांग्रेस को 82 प्रतिशत अंक देकर पास किया और भाजपा को फेल कर दिया। बद्रीलाल ने कहा कि अभी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं है, इसके बावजूद ग्रामीण विकास के लिए जो भी संभव होगा, वह काम करवाएंगे। किसी के साथ गलत होगा तो उसका मजबूती से विरोध किया जाएगा।

जश्न में बद्रीलाल के नाम के नारे, आंजना का जवाब बना चर्चा

जीत के बाद कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर कलेक्ट्रेट चौराहे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों पर नृत्य किया। रतनी देवी को सुरक्षा घेरे में बाहर लाया गया, जबकि बद्रीलाल जाट को कार्यकर्ताओं ने कंधों पर उठा लिया। बद्रीलाल ने पत्नी को माला पहनाकर बधाई दी। जिला प्रमुख की नेम प्लेट भी उन्होंने अपने हाथों में उठाई।

जश्न के दौरान बद्रीलाल के समर्थन में लगाए जा रहे नारों ने भी सबका ध्यान खींचा। पहले उदयलाल आंजना के नाम पर लगाए जाने वाले नारों की तर्ज पर अब कार्यकर्ता बद्रीलाल जाट के समर्थन में नारे लगा रहे थे। इस पर आंजना से सवाल हुआ तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘गाल यहां भी लाल है और गाल वहां भी लाल है।’ उनके इस जवाब पर वहां मौजूद कार्यकर्ता हंस पड़े।

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट ने जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिले की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्य प्राथमिकता से करवाने का प्रयास रहेगा। जीत के बाद कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य बस से रवाना हुए, जबकि रतनी देवी जाट कार से रवाना हुईं।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading